Edited By Ramkesh,Updated: 16 Apr, 2026 07:31 PM

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के एक गांव में बृहस्पतिवार दोपहर भीषण आग लगने से 150 से अधिक झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की फिलहाल कोई सूचना नहीं है। उन्होंने...
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के एक गांव में बृहस्पतिवार दोपहर भीषण आग लगने से 150 से अधिक झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की फिलहाल कोई सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनवानी गांव में उस जगह पर भीषण आग लगने की सूचना मिली, जहां कबाड़ के निस्तारण और पुनर्चक्रण का काम होता है।
किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
जिलाधिकारी रवींद्र कुमार मंदार के मुताबिक, आग में 150 से अधिक झुग्गियां जलकर खाक हो गईं, जिससे कई परिवार बेघर हो गए। उन्होंने बताया कि दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया है, लेकिन पूरे इलाके में धुएं का गुबार है। मंदार के अनुसार, घटना में किसी के हताहत होने की फिलहाल कोई सूचना नहीं है। हालांकि, उन्होंने कहा कि इस बात की पुष्टि करने के लिए इलाके में सर्वेक्षण कराया जा रहा है कि कोई व्यक्ति लापता तो नहीं है।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
जिलाधिकारी ने बताया कि चिकित्सकों की एक टीम मौके पर है और आसपास के अस्पतालों को भी अलर्ट कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है, हालांकि अधिकारियों को संदेह है कि अवैध बिजली कनेक्शन में शॉर्ट सर्किट या गैस सिलेंडर से रिसाव के कारण चिंगारी भड़की होगी।
प्रभावित परिवारों को सरकार देगी मदद
अधिकारियों के मुताबिक, प्रभावित परिवारों को अस्थायी आश्रयों में ले जाया गया है और उन्हें राहत सामग्री उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस के अनुसार, मौके पर शीतलन प्रक्रिया पूरी होने के बाद घटना की गहन जांच शुरू की जाएगी।