Edited By Ramkesh,Updated: 06 Apr, 2026 05:20 PM

उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के भरथना क्षेत्र स्थित नगला थरी गांव में गेहूं की फसल में लगी भीषण आग से भारी नुकसान हुआ है। आग की चपेट में आकर करीब 200 बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई।
इटावा (अरवीन ): उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के भरथना क्षेत्र स्थित नगला थरी गांव में गेहूं की फसल में लगी भीषण आग से भारी नुकसान हुआ है। आग की चपेट में आकर करीब 200 बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन से निकली चिंगारी के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। तेज हवा के चलते आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के खेतों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश में जुट गए, लेकिन आग की तीव्रता के आगे उनकी कोशिशें नाकाम रहीं।
इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक किसानों की फसल को भारी नुकसान हो चुका था। इस घटना से प्रभावित किसानों को बड़ा आर्थिक झटका लगा है और वे प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे हैं।