Edited By Ajay kumar,Updated: 06 Mar, 2020 06:07 PM

जनपद से दिल को दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां पर एक तरफा प्यार में पागल प्रेमी ने पहले युवती को मारी गोली फिर खुद को गोली से उड़ा लिया।
गोरखपुर: जनपद से दिल को दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां पर एक तरफा प्यार में पागल प्रेमी ने पहले युवती को मारी गोली फिर खुद को गोली से उड़ा लिया। गनीमत यह रही कि युवती तो बच गई लेकिन युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनते ही लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर लोगों ने पुलिस को सूचित कर दिया है। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को अभिरक्षा में ले लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
बता दें कि मामला गोरखपुर के गुलरिहा क्षेत्र के सरहदी टिकरिया गांव का है। महावीर छपरा का रहने वाला 25 साल का संजीव जायसवाल शुक्रवार की सुबह लड़की के घर में घुस गया। उसने लड़की से प्यार का दावा किया। इस पर लड़की ने उसे समझाने की कोशिश की तो उसने पिस्टल तानकर गोली चला दी। लड़की तुरंत नीचे झुक गई जिससे उसकी जान बच गई। तभी गुस्से में संजीव ने अपनी कनपटी पर पिस्टल रखकर गोली चला दी। जिससे उसकी मौत हो गई।
सूत्रों से पता चला है कि युवक युवती का करीबी रिश्तेदार है। पांच दिन पहले ही संजीव सूरत से गोरखपुर आया था। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। और जांच में जुटी है कि युवक के पास पिस्टल कहा से आया इसका भी पता लगाने का प्रयास कर रही है।