Edited By Ramkesh,Updated: 31 Aug, 2026 03:24 PM

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सोमवार को एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट होने से बड़ा हादसा हो गया। हादसा पिपरी थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विस्फोट में करीब 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 लोगों के घायल...
कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सोमवार को एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट होने से बड़ा हादसा हो गया। हादसा पिपरी थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विस्फोट में करीब 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 लोगों के घायल होने की खबर है। धमाका इतना तेज था कि पटाखा फैक्ट्री के आसपास स्थित करीब 7 मकान भी जमींदोज हो गए। विस्फोट के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान जारी है। मलबे में किसी के दबे होने की आशंका को देखते हुए रेस्क्यू टीमों द्वारा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि मोहम्मदपुर गांव प्रयागराज और कौशांबी जिले की सीमा पर स्थित है, जिसके चलते दोनों जिलों का प्रशासन और पुलिस भी घटनास्थल पर सक्रिय है।
हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भेजा जा रहा है। प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। हादसे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।