Edited By Deepika Rajput,Updated: 13 Nov, 2019 05:20 PM
सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद अयोध्या में रामलला के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या निरंतर बढ़ रही है। रामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला के दर्शन के लिए दोनों पाली अर्थात सुबह-शाम श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग जाती हैं। कड़ी जांच प्रक्रिया से...
अयोध्याः सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद अयोध्या में रामलला के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या निरंतर बढ़ रही है। रामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला के दर्शन के लिए दोनों पाली अर्थात सुबह-शाम श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग जाती हैं। कड़ी जांच प्रक्रिया से गुजरने के बाद भक्तों को रामजन्मभूमि में प्रवेश मिलता है।
रामलला के दर्शन कर बाहर निकले गुड़गांव के उपेंद्र सिंह का कहना है कि अब अगली बार तब आएंगे जब श्रीराम का भव्य मंदिर बन जाएगा। कोलकाता से आए जीके तोमर ने कहा कि फैसला आने के दिन ही तय कर दिया था कि रामलला के दर्शन करने अयोध्या जाना है, अब यह संकल्प पूरा हो गया। अब मंदिर बनने की प्रतीक्षा है। वहीं मुंबई से आए कोठवाल ने कहा कि रामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला के दर्शन करने का बड़ा मन था। भगवान राम सपने में भी आए थे, इसलिए मैं दर्शन करने आया हूं और जल्द ही भव्य मंदिर का निर्माण हो जाएगा।
बता दें कि, मंगलवार शाम कार्तिक पूर्णिमा पर 14,807 श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए, जबकि दर्शन की अवधि में प्रथम पाली में 7,353 व दूसरी पाली में लगभग 7,454 श्रद्धालु रामलला के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचे।