Edited By Deepika Rajput,Updated: 05 Dec, 2019 05:18 PM
उन्नाव के बिहार थानाक्षेत्र में एक गैंगरेप पीड़िता को 5 लोगों ने जलाने की कथित तौर पर कोशिश की। पीड़िता को लखनऊ के श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
उन्नावः उन्नाव के बिहार थानाक्षेत्र में एक गैंगरेप पीड़िता को 5 लोगों ने जलाने की कथित तौर पर कोशिश की। पीड़िता को लखनऊ के श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं इस बीच, एक प्रत्यक्षदर्शी का बयान सामने आया है, जिसने घटना का आंखों देखा हाल बयां किया।
प्रत्यक्षदर्शी रविंद्र प्रकाश के अनुसार 90% जलकर भी पीड़िता करीब 1km तक दौड़ते हुए उसके पास मदद के लिए पहुंचीं थी। जब हमने पूछा कौन तो उसने अपनी पहचान बताई। हम डर गए और हमे लगा वो चुड़ैल है। वह पूरी तरह से जली हुई थी। पहचान जानने के बाद भी हमारा डर कम नहीं हुआ और उससे दूर खड़ा रहा। इसके बाद पीड़िता ने फोन मांगा और खुद ही 100 नंबर पर बात की, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे लेकर चली गई।
बता दें कि, पुलिस ने बताया कि घटना के वक्त पीड़िता अपने मुकदमे की पैरवी में रायबरेली जाने के लिए ट्रेन पकड़ने बैसवारा स्टेशन जा रही थी तभी गौरा मोड़ बिहार मौरांवा मार्ग पर आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार पीड़िता अधजली अवस्था में बिहार की ओर काफी दूर तक दौड़ कर आई। प्रत्यक्षदर्शियों ने जब उसे देखा तो पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।
बाद में जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीड़िता को सरकारी खर्च पर हरसंभव चिकित्सा सुविधा दी जाए। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर अदालत से सख्त से सख्त सजा दिलवाई जाए।