न कभी तमिलनाडु गए, न किया बिजनेस... UP के किसान को आया 72 लाख का GST नोटिस, बैंक खाता देख पुलिस भी हैरान

Edited By Anil Kapoor,Updated: 19 Jul, 2026 07:19 AM

ballia farmer gets gst recovery notice of rs 72 lakh from tamil nadu

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में रहने वाले 33 वर्षीय एक किसान को तमिलनाडु से 72 लाख रुपए से अधिक की जीएसटी वसूली का नोटिस मिलने का मामला सामने आया हालांकि किसान ने दावा किया कि उसने न कभी तमिलनाडु में कारोबार किया और....

Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में रहने वाले 33 वर्षीय एक किसान को तमिलनाडु से 72 लाख रुपए से अधिक की जीएसटी वसूली का नोटिस मिलने का मामला सामने आया हालांकि किसान ने दावा किया कि उसने न कभी तमिलनाडु में कारोबार किया और न ही वहां गया। किसान ने शनिवार को भीमपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई।

तमिलनाडु GST विभाग से किसान को मिला ईमेल नोटिस
पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। कसौंडर ग्राम पंचायत के सिउरा गोपालपुर निवासी बलबीर सिंह को 15 जुलाई को तमिलनाडु के कोविलपट्टी मंडल स्थित केंद्रीय जीएसटी एवं केंद्रीय उत्पाद शुल्क विभाग के सहायक आयुक्त कार्यालय से ईमेल के माध्यम से नोटिस मिला। नोटिस में दावा किया गया कि बलबीर मेसर्स महेंद्र एजेंसी के मालिक हैं और अप्रैल 2019 से मार्च 2020 के बीच कर बकाया के कारण उन्हें जीएसटी, ब्याज, जुर्माना और विलंब शुल्क सहित कुल 72.76 लाख रुपए जमा करने हैं।

स्कॉलरशिप के लिए खुले खाते में था माइनस बैलेंस
यह नोटिस सीजीएसटी अधिनियम की धारा 79(1)(सी) के तहत जारी किया गया है। नोटिस में गाजीपुर जिले के सिधागरघाट स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की एक शाखा में बलबीर सिंह के खाते का भी उल्लेख है। बलबीर ने हालांकि बैंक विवरण दिखाते हुए दावा किया कि इस खाते से कोई व्यावसायिक लेन-देन नहीं हुआ और फिलहाल इसमें ऋणात्मक (माइनस) शेष राशि है। उन्होंने बताया कि यह खाता वर्ष 2017 में बीटीसी पाठ्यक्रम के दौरान छात्रवृत्ति प्राप्त करने के लिए खुलवाया गया था।

पैन कार्ड के दुरुपयोग का आरोप, साइबर सेल करेगी जांच
बलबीर ने आरोप लगाया कि किसी ने उनकी जानकारी के बिना उनके पैन कार्ड और बैंक खाते का दुरुपयोग कर फर्म का पंजीकरण कराया और कारोबार किया। बलबीर अपने छोटे भाई के साथ गांव में रहकर खेती करते हैं। बलबीर के अलावा उनके 3 भाई और हैं। भीमपुरा थाना प्रभारी रंजीत विश्वकर्मा ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और साइबर प्रकोष्ठ के समन्वय से मामले की जांच की जा रही है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!