Edited By Purnima Singh,Updated: 24 Apr, 2026 05:27 PM

हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर एक्ट्रेस और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर दिव्यांका सिरोही का 21 अप्रैल को 30 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है ...
UP Desk : हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर एक्ट्रेस और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर दिव्यांका सिरोही का 21 अप्रैल को 30 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है।
एक्ट्रेस के निधन की खबर सामने आते ही मनोरंजन जगत और उनके प्रशंसकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनके साथ जुड़ी यादों को साझा कर रहे हैं।
दिव्यांका सिरोही हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री का एक जाना-पहचाना चेहरा थीं। उन्होंने कई लोकप्रिय म्यूजिक वीडियोज में काम किया और इंडस्ट्री के बड़े कलाकारों के साथ स्क्रीन शेयर कर अपनी अलग पहचान बनाई। सोशल मीडिया पर भी उनकी मजबूत पकड़ थी और लाखों लोग उन्हें फॉलो करते थे।
निधन के बाद एक्ट्रेस का आखिरी पोस्ट वायरल
दिव्यांका सिरोही ने इंस्टाग्राम पर जो आखिरी पोस्ट किया था उसका कैप्शन लोगों का ध्यान खींच रहा है। दिव्यांका की यह पोस्ट जून 2023 की है। केदारनाथ जाते हुए खिंचाई इस तस्वीर के कैप्शन में दिव्यांका ने लिखा है- शिव मुझे अपने साथ ले चलो। इसमें वह नीले रंग की जैकेट और मरून कलर की पगड़ी पहने हुए हैं। उनका यह पोस्ट उनकी मौत के बाद काफी वायरल हो रहा है।

TikTok से की करियर की शुरुआत
एक इंटरव्यू में दिव्यांका ने बताया था कि उन्हें बचपन से ही डांस और एक्टिंग का शौक था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत TikTok से की, जहां उनका एक वीडियो वायरल हुआ और उसी के बाद उन्हें व्यापक पहचान मिली। धीरे-धीरे उन्होंने म्यूजिक वीडियोज में कदम रखा और अपनी जगह बनाई। दिव्यांका सिरोही की असमय मौत ने उनके परिवार, दोस्तों और चाहने वालों को गहरे सदमे में डाल दिया है। सोशल मीडिया पर लोग उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।