Edited By Moulshree Tripathi,Updated: 19 Nov, 2020 01:10 PM
उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद फैजाबाद, इलाहाबाद और मुगलसराय के नाम बदले गये हैं और इसी क्रम में अब भारतीय जनता पार्टी
जौनपुर: उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद फैजाबाद, इलाहाबाद और मुगलसराय के नाम बदले गये हैं और इसी क्रम में अब भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने जौनपुर का नाम बदल कर यमदग्निपुर करने की मांग की है । जौनपुर में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री योगी को पत्र लिखकर लखनऊ, अलीगढ़, जौनपुर, आजमगढ़ और मिर्जापुर जिलों का नाम बदलकर नया नामकरण करने के संदर्भ में पत्र लिखा है।
सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा है कि प्रदेश के कई जिलों का नाम बदलकर नया नामकरण कर अभूतपूर्ण काम किया है, इससे भारतीय संस्कृति और राष्ट्रवाद गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का अप्रतिम और ऐतिहासिक निर्णय आप जैसे महान व्यक्ति के बूते की ही बात है। उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रार्थना की है कि व्यापक जन-भावना को देखते हुए लखनऊ का लक्ष्मणपुरी, अलीगढ़ का अशफाकउल्ला नगर, जौनपुर का यमदग्निपुरम्, आजमगढ़ का आर्यनगढ़ और मिर्जापुर का विंध्यवासिनी नगर या विन्ध्य धाम करने की कृपा करें। जन-मानस और इतिहास आप का सदैव आभारी रहेगा। भाजपा नेता राज बहादुर सिंह ने भी पूर्व अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह की इस जायज मांग का समर्थन किया है।