Edited By Mamta Yadav,Updated: 16 Apr, 2025 12:36 AM

उत्तर प्रदेश सरकार ने 24 घंटों के भीतर भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों के तबादलों की दूसरी सूची मंगलवार देर शाम जारी की है जिसमें छह जिलाधिकारियों समेत 16 वरिष्ठ अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। इससे पहले सोमवार देर शाम 9 आईएएस...
Lucknow News, (अश्वनी कुमार सिंह): उत्तर प्रदेश सरकार ने 24 घंटों के भीतर भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों के तबादलों की दूसरी सूची मंगलवार देर शाम जारी की है जिसमें छह जिलाधिकारियों समेत 16 वरिष्ठ अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। इससे पहले सोमवार देर शाम 9 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया गया था।

आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि अयोध्या, चंदौली, अमेठी, बदायूं, कन्नौज और इटावा के जिलाधिकारियों को इधर से उधर किया गया है। अयोध्या के जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह को अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। वहीं चंदौली के जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे का तबादला अयोध्या के जिलाधिकारी के तौर पर किया गया है। प्रयागराज के नगर आयुक्त चंद्र मोहन गर्ग को चंदौली का जिलाधिकारी बनाया गया है। जौनपुर के मुख्य विकास अधिकारी सीलम साई तेजा का ट्रांसफर प्रयागराज के नगर आयुक्त के पद पर किया गया है।
इसी तरह गोरखपुर जिले की संयुक्त मजिस्ट्रेट मृणाली अविनाश जोशी को जौनपुर जिले का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। अमेठी जिलाधिकारी निशा को राष्ट्रीय आयुष मिशन का मिशन निदेशक नियुक्त किया गया है। सहारनपुर नगर निगम के नगर आयुक्त संजय चौहान को अमेठी का जिलाधिकारी बनाया गया है। आईएएस शिपू गिरी को सहारनपुर नगर निगम का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। राष्ट्रीय आयुष मिशन के मिशन निदेशक महेंद्र वर्मा को उत्तर प्रदेश भूसंपदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा) का सचिव नियुक्त किया गया है।
इटावा के जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय को बदायूं जिले का डीएम बनाया गया है। कन्नौज के जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला को इटावा जिले का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। आईएएस आशुतोष मोहन अग्निहोत्री को कन्नौज जिले का जिलाधिकारी बनाया गया है। बदायूं की डीएम निधि श्रीवास्तव को विशेष सचिव उच्च शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी सौंप गई है। संदीप भागिया को अपर आयुक्त राज्य कर गौतमबुद्ध नगर बनाया गया है। कंडारकर कमल किशोर देवभूषण को मुजफ्फरनगर जिले का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। राजकुमार प्रथम को ऊर्जा विभाग का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है।