Edited By Ramkesh,Updated: 02 Aug, 2025 03:44 PM

प्रतापगढ़ की रहने वाली 18 वर्षीय दिल्ली विश्वविद्यालय की बीएससी छात्रा के साथ मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र में एक गंभीर घटना सामने आई है। बृहस्पतिवार तड़के जीटी रोड हाईवे स्थित सिटीजन ढाबे पर चार युवकों ने छात्रा से दुष्कर्म का प्रयास किया। घटना...
मैनपुरी (आफाक अली खान ): प्रतापगढ़ की रहने वाली 18 वर्षीय दिल्ली विश्वविद्यालय की बीएससी छात्रा के साथ मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र में एक गंभीर घटना सामने आई है। बृहस्पतिवार तड़के जीटी रोड हाईवे स्थित सिटीजन ढाबे पर चार युवकों ने छात्रा से दुष्कर्म का प्रयास किया। घटना उस समय हुई जब छात्रा दिल्ली जाने के लिए रोडवेज बस में सवार थी। बस ढाबे पर चाय विश्राम के लिए रुकी थी। छात्रा लघुशंका के लिए बाथरूम की ओर गई। वहां अपनी बारी का इंतजार कर रही थी।
चार युवकों पर छेड़खानी का आरोप
इसी दौरान कस्बा भोगांव के रहने वाले सुनील कुमार, नारायण, विशाल और दिनेश ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। आरोपियों ने छात्रा को खींचकर खेतों की ओर ले जाने का प्रयास किया। छात्रा के शोर मचाने पर ढाबे पर मौजूद कर्मचारी और अन्य यात्री दौड़ पड़े। लोगों ने चारों आरोपियों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई की। इसके बाद पुलिस को बुलाकर उन्हें सौंप दिया। सीओ भोगांव सत्य प्रकाश शर्मा ने बताया कि मौके से चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
घटना पर बोली पुलिस - दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
पीड़िता की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। सीओ ने यह भी बताया कि पीड़ित छात्रा के शुक्रवार को मजिस्ट्रेटी बयान होंगे। छात्रा को आने के लिए कहा गया है। पुलिस आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए मजबूत साक्ष्य और गवाह जुटा रही है। आरोपियों में सुनील कुमार छोटा बाजार का, नारायण गांव तोलकपुर का, तथा विशाल और दिनेश शाह आलमपुर के रहने वाले हैं।