दावत में नहीं बुलाने की ऐसी नाराजगी, पड़ोसी ने 17 साल के लड़के को चाकू से मार डाला

Edited By Ramkesh,Updated: 13 Oct, 2026 07:59 PM

angered over not being invited to a feast a neighbor stabbed a 17 year old boy

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में जन्मदिन की दावत में नहीं बुलाए जाने को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति ने 17 वर्षीय पड़ोसी की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में जन्मदिन की दावत में नहीं बुलाए जाने को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति ने 17 वर्षीय पड़ोसी की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना सोमवार रात शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गोकुलपुर गांव में हुई और आरोपी की पहचान विशाल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी की कथित तौर पर पिटाई की और एक मकान में बंद कर दिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

बहेड़ी के क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को पकड़ लिया गया है, जबकि पुलिस अधीक्षक (उत्तर) संतोष कुमार ने कहा कि कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस और ग्रामीणों के अनुसार सुरेंद्र कुमार नामक व्यक्ति ने सोमवार रात अपने बेटे के जन्मदिन पर पार्टी रखी थी, जिसमें परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और कुछ ग्रामीणों ने शिरकत की थी। पुलिस ने बताया कि रात करीब साढ़े नौ बजे पड़ोसी विशाल कथित तौर पर नशे की हालत में सुरेन्द्र के घर पहुंचा और पार्टी में नहीं बुलाए जाने को लेकर हंगामा करने लगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शोर सुनकर सुरेन्द्र का 17 वर्षीय बेटा अर्जुन उर्फ पंकज बाहर आया और विशाल को शांत कराने की कोशिश की। हालांकि, आरोपी कथित तौर पर उससे उलझ गया और दावत में शामिल होने की कोशिश करने लगा। अधिकारियों ने बताया कि अर्जुन के विरोध करने पर विशाल ने कथित तौर पर उस पर कई बार चाकू से वार किए और गला रेत दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने कहा कि घायल अर्जुन की मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि शोर सुनकर पीड़ित परिवार के सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि झगड़े के दौरान विशाल ने कथित तौर पर जातिसूचक टिप्पणी भी की थी, जिससे ग्रामीण भड़क गए और उसे पकड़कर पीटा तथा एक घर में बंद कर दिया। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर घर का दरवाजा नहीं खोला गया, इसलिए पुलिसकर्मियों को दीवार फांदकर अंदर जाना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और थाने ले गई। अर्जुन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!