Edited By Ramanjot,Updated: 15 Oct, 2026 06:22 PM

पुलिस उपायुक्त ने कहा कि परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस घटना के सिलसिले में कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है
प्रयागराज: यूपी के प्रयागराज में कर्नलगंज थानाक्षेत्र के सलोरी में गुरुवार दोपहर नजूल की जमीन को लेकर विवाद में ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज के 'लैब अटेंडेंट' (प्रयोगशाला कर्मी) सतीश चंद्र श्रीवास्तव (52) की कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (नगर) सागर जैन ने बताया कि आज सलोरी में उच्च न्यायालय के अपर शासकीय अधिवक्ता देवेन्द्र नाथ मिश्रा एक विवादित संपत्ति पर पहुंचे और वहां सतीश चंद्र श्रीवास्तव द्वारा लगाए गए ताले को तोड़ दिया, फलस्वरुप दोनों के बीच वाद -विवाद हुआ। उन्होंने बताया कि एक पक्ष ने गोली चला दी जिससे श्रीवास्तव के पेट में गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जैन के अनुसार, श्रीवास्तव को उनके परिजन एसआरएन अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस उपायुक्त ने कहा कि परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस घटना के सिलसिले में कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस के तीन दलों का गठन किया गया है। उन्होंने कहा विवादित संपत्ति के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।