Edited By Ajay kumar,Updated: 03 Apr, 2020 06:17 PM
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द एवं उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडु को कोरोना के बचाव के साथ-साथ राज्य सरकार द्वारा की गई व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी। राजभवन प्रवक्ता के अनुसार...
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द एवं उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडु को कोरोना के बचाव के साथ-साथ राज्य सरकार द्वारा की गई व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी। राजभवन प्रवक्ता के अनुसार कोविड-19 के संबंध में शुक्रवार को राष्ट्रपति श्री कोविन्द एवं उपराष्ट्रपति श्री नायडु ने प्रदेश के राज्यपालों के साथ की गयी वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान श्रीमती पटेल ने उन्हें अवगत कराया कि प्रदेश में कोरोना के 120 पाजिटिव केस मिले हैं, जिसमें से 17 पूर्ण उपचारित हो चुके हैं, 183 मरीज आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं तथा 1,344 मरीज क्वारंटाइन रखे गये हैं।
इसके अलावा 54,708 व्यक्तियों को सर्विलांस पर रखा गया है। प्रदेश में 8 लैब संचालित हैं। कोरोना के 3,124 सैम्पल टेस्ट किये गये हैं। अभी तक दो व्यक्तियों की मृत्यु हुई है। नोएडा और मेरठ जहां सर्वाधिक मरीज सामने आ रहे हैं, वहां कलस्टर बनाकर गहन निगरानी की जा रही है। कोरोना से निपटने के लिए राज्य सरकार द्वारा कुल 5,767 आइसोलेशन बेड, 11,639 क्वारंटाइन बेड, 750 वेन्टिलेटर बेड की व्यवस्था की जा चुकी है।
राज्यपाल ने बताया कि प्रत्येक जिले के चिन्हित जिला चिकित्सालयों एवं मेडिकल कालेजों में आइसोलेशन वार्ड बनाए गये हैं। राज्य सरकार द्वारा त्रिस्तरीय समर्पित कोविड-19 अस्पतालों की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक जिले में 100 बेड का एक कोविड-19 अस्पताल तैयार किया गया है। कुल 297 कोविड अस्पताल बनाए गये हैं।
उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान 6,562 एफआईआर दर्ज कर 20,444 व्यक्तियों को नामजद किया गया है। जेलों से लगभग 11,,000 कैदी पैरोल/बेल पर छोड़े गये हैं। दिल्ली में तब्लीगी जमात में शामिल हुए 569 लोगों को क्वारंटाइन किया गया है। डाक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की सुरक्षा के लिए राज्य सरकार द्वारा पर्याप्त सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। प्रदेश में लॉकडाउन का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जा रहा है।