Edited By Anil Kapoor,Updated: 05 Aug, 2026 10:25 AM

बलिया जिले के पलिया गांव स्थित कम्पोजिट विद्यालय में मध्याह्न भोजन के दौरान रोटी और सब्जी थाली में परोसने के बजाय छात्र-छात्राओं के हाथों में दिए जाने का वीडियो वायरल होने के मामले में प्रभारी प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही...
Ballia News: बलिया जिले के पलिया गांव स्थित कम्पोजिट विद्यालय में मध्याह्न भोजन के दौरान रोटी और सब्जी थाली में परोसने के बजाय छात्र-छात्राओं के हाथों में दिए जाने का वीडियो वायरल होने के मामले में प्रभारी प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही विद्यालय में कार्यरत अनुदेशिका की संविदा समाप्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि सीयर शिक्षा क्षेत्र के पलिया गांव स्थित कम्पोजिट विद्यालय में छात्रों को मध्याह्न भोजन के दौरान रोटी और सब्जी थाली के बजाय हाथों में दिए जाने का वीडियो 31 जुलाई को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह घटना 20 अप्रैल की है। उन्होंने बताया कि प्रभारी प्रधानाध्यापिका किरन देवी को ब्लैकमेल करने के उद्देश्य से विद्यालय में कार्यरत अनुदेशिका निर्मला भारती के मोबाइल फोन से इसका वीडियो बनाया गया था।
ये भी पढ़ें:- क्लास में हेडमास्टर की लगी झपकी, बच्चों के हाथ में आया मोबाइल... सरकारी स्कूल का Video Viral, मचा हड़कंप
सिंह ने बताया कि जांच में यह भी पता चला कि विद्यालय में कार्यरत शिक्षक, अनुदेशिका और शिक्षामित्र अपने दायित्वों का निर्वहन करने में विफल रहे। उन्होंने बताया कि विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका किरन देवी को घोर लापरवाही, विद्यालय के संचालन में प्रभावी नेतृत्व की कमी और घटना की जानकारी विभाग के उच्च अधिकारियों को नहीं देने के आरोप में मंगलवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर मामले की जांच के आदेश दिए गए।
सिंह ने बताया कि किरन देवी को कम्पोजिट विद्यालय, जमीन सिसैंड से संबद्ध किया गया है और अनुदेशिका निर्मला भारती की संविदा समाप्त करने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले में नवानगर शिक्षा क्षेत्र के खंड शिक्षा अधिकारी पंकज कुमार सिंह को जांच अधिकारी बनाया गया है और उन्हें 15 दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। सिंह ने बताया कि विद्यालय में कार्यरत शिक्षामित्र इंद्रजीत यादव, अनुदेशिका रीता देवी और 4 रसोइयों को कड़ी चेतावनी दी गई है।