Edited By Anil Kapoor,Updated: 05 Aug, 2025 01:55 PM

Lucknow News: मुख्तार अंसारी के छोटे बेटे उमर अंसारी को पुलिस ने कोर्ट में जाली दस्तावेज पेश करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई पर उनके चाचा और गाजीपुर से सपा सांसद अफजाल अंसारी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे एक राजनीतिक...
Lucknow News: मुख्तार अंसारी के छोटे बेटे उमर अंसारी को पुलिस ने कोर्ट में जाली दस्तावेज पेश करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई पर उनके चाचा और गाजीपुर से सपा सांसद अफजाल अंसारी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे एक राजनीतिक साजिश बताया है और कहा है कि उमर कुछ लोगों को खटकने लगा था, इसलिए उसे जानबूझकर गिरफ्तार कराया गया, ताकि मऊ उपचुनाव में उनका रास्ता साफ किया जा सके।
अफजाल अंसारी ने क्या कहा?
अफजाल अंसारी ने कहा कि उमर अंसारी कुछ लोगों की आंखों में चुभने लगा था। इसलिए उसे डराने और कमजोर करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि उमर किसी गलत काम में नहीं था – न वह नशा करता है, न किसी से झगड़ा करता है। वह सिर्फ मूंछों पर ताव देता है और शायद यही बात कुछ लोगों को बुरी लगती है।
सवालों के घेरे में गिरफ्तारी का तरीका
अफजाल अंसारी ने बताया कि उमर अपने बड़े भाई अब्बास अंसारी के लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर था। पुलिस वहां गई और उसे वहीं से गिरफ्तार कर ले गई। अफजाल अंसारी ने सवाल उठाया कि FIR उसी दिन शाम को दर्ज की गई, जांच भी उसी दारोगा ने की जिसने FIR लिखवाई और गिरफ्तारी भी उसी ने की। ये पूरी तरह से मनमानी और पक्षपातपूर्ण कार्रवाई है। हम इसे कोर्ट में चुनौती देंगे।
मऊ उपचुनाव से जोड़कर देख रहे हैं मामला
अफजाल अंसारी का कहना है कि ये सब मऊ विधानसभा उपचुनाव से जुड़ा हुआ है। उनके मुताबिक अब्बास अंसारी की सदस्यता हेट स्पीच मामले में रद्द हो चुकी है। अब उस सीट पर उपचुनाव होना है। कुछ लोग इस चुनाव को किसी भी हालत में जीतना चाहते हैं, इसलिए उमर को 'रास्ते का पत्थर' मानकर हटा दिया गया है।
'उमर कमजोर नहीं है, और हमारा हौसला नहीं टूटेगा'
अफजाल अंसारी ने कहा कि उमर पहली बार जेल गया है। लोग सोचते होंगे कि छोटा बच्चा है, टूट जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं होगा। उल्टा इससे हमारा हौसला और बढ़ेगा। उमर अब्बास अंसारी का हाथ-पैर था, कोर्ट-कचहरी और जनता से जुड़े सभी काम वही संभालता था, इसलिए उस पर कुछ लोगों की नजर थी। अब उसे जेल में डाल दिया गया है। लेकिन ये जुल्म ज्यादा दिन नहीं चलेगा।