Edited By Ramkesh,Updated: 31 Aug, 2026 02:16 PM

उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिला अदालत परिसर से पॉक्सो अधिनियम का एक आरोपी सिपाही को धक्का देकर फरार हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार ने बताया कि फरार कैदी की तलाश के लिए पांच टीमों का गठन किया गया...
कन्नौज: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिला अदालत परिसर से पॉक्सो अधिनियम का एक आरोपी सिपाही को धक्का देकर फरार हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार ने बताया कि फरार कैदी की तलाश के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि इनके अलावा गुरसहायगंज, ठठिया, सौरिख थानों की पुलिस के साथ सर्विलांस और स्वाट टीमों को भी लगाया गया है।
पुलिस ने बताया आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं और लापरवाही बरतने वाले सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, सौरिख थाना क्षेत्र के ग्राम पुरवा नैन निवासी अंकुल उर्फ अंशुल (25) पर घर में घुसकर नाबालिग से छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। उसके खिलाफ 29 अगस्त को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
सौरिख पुलिस ने आरोपी को 30 अगस्त को मढपुरा पुल के पास से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) अदालत में पेश किया गया। रविवार शाम को उंगलियों के निशान लेने के लिए जिला अदालत भेजा गया। पुलिस के अनुसार, उंगलियों के निशान लेते समय आरोपी ने उल्टी-दस्त का बहाना बनाया और जब सिपाही उसे शौचालय की ओर ले जा रहे थे, तभी वह उनको धक्का देकर बाउंड्री फांदकर फरार हो गया।