'हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने का पाप करने वाले आज आस्था की बात कर रहे', CM Yogi का विपक्ष पर अयोध्या से सियासी प्रहार

Edited By Purnima Singh,Updated: 10 Jul, 2026 01:48 PM

cm yogi attacks on opposition from ayodhya

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को विपक्षी दलों पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जो लोग आज अयोध्या में आस्था की बात कर रहे हैं, उन्होंने कभी हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने का पाप किया था ...

अयोध्या: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को विपक्षी दलों पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जो लोग आज अयोध्या में आस्था की बात कर रहे हैं, उन्होंने कभी हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने का पाप किया था। मुख्यमंत्री अयोध्या में 432 करोड़ रुपये की लागत वाली 217 विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण तथा बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मंत्री दिवंगत मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा के अनावरण के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

हनुमानगढ़ी को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना
योगी ने कहा, "आज अयोध्या में जो लोग आस्था की बात कह रहे हैं, इन्होंने हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने का पाप किया था।" उन्होंने कहा, "आप सोचिए, क्या कोई जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ कर पाएगा? क्या सरकारें ऐसा करवा पाएंगी? क्या समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ऐसा करवा पाएंगी? अगर नहीं, तो फिर अयोध्या में हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का पाप क्यों कराया गया?"

अयोध्या के विकास का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आज अयोध्या तीनों लोकों से न्यारी और वैभवशाली नगरी के रूप में विकसित हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप अयोध्या अब सौर ऊर्जा आधारित शहर बन चुका है और देश के प्रमुख शहरों में अपनी अलग पहचान बना रहा है।

राम मंदिर निर्माण को लेकर विपक्ष पर आरोप
योगी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने राम मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी कीं, भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए और रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार बनने के बाद राम मंदिर का निर्माण संभव हुआ।

'हमने अयोध्या को सनातन धर्म की राजधानी बनाया'
मुख्यमंत्री ने अपने आरोप दोहराते हुए कहा, "उन्होंने हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का पाप किया और हमने अयोध्या को स्वच्छ, सुंदर और सनातन धर्म की राजधानी के रूप में पुनः स्थापित करने का कार्य किया है।" अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में कराए गए विकास कार्यों का भी विस्तार से उल्लेख किया।

राम मंदिर चढ़ावा मामले का भी किया जिक्र
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में राम मंदिर में दान और चढ़ावे के कथित गबन के आरोपों को लेकर विपक्ष ने सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर सवाल उठाए हैं। सात जून को समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सबसे पहले इस मुद्दे को सार्वजनिक रूप से उठाया था।

इससे पहले 19 जून को अयोध्या दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामभक्तों से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा था कि विशेष जांच दल (एसआईटी) की जांच "दूध का दूध और पानी का पानी" कर देगी। उन्होंने कहा था कि रामजन्मभूमि के लिए जब लोगों ने 500 वर्षों तक संघर्ष किया है, तो कुछ दिन और इंतजार किया जा सकता है।

SIT जांच जारी, आठ आरोपी जेल में
इस बीच, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दान से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) को जांच के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है। मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। साथ ही, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्र के इस्तीफे मंजूर किए जा चुके हैं। मामले की जांच जारी है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!