Edited By Anil Kapoor,Updated: 12 Aug, 2026 08:21 AM

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के ट्रॉनिका सिटी इलाके से एक सनसनीखेज हत्याकांड का मामला सामने आया है। जहां एक रेडीमेड गारमेंट फैक्ट्री के सुपरवाइजर अनवेश कुमार सक्सेना (42) की धारदार कैंची से गोदकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले की गुत्थी...
Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के ट्रॉनिका सिटी इलाके से एक सनसनीखेज हत्याकांड का मामला सामने आया है। जहां एक रेडीमेड गारमेंट फैक्ट्री के सुपरवाइजर अनवेश कुमार सक्सेना (42) की धारदार कैंची से गोदकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी सिलाई कारीगर सर्वेश दर्जी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में जो वजह सामने आई, उसने हर किसी को हैरान कर दिया है, हत्या के पीछे की वजह फैक्ट्री में काम करने वाली एक सफाईकर्मी युवती से एकतरफा दोस्ती और 8 महीने पुरानी खुन्नस थी।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना ट्रॉनिका सिटी स्थित कुनाल इंटरप्राइजेज फैक्ट्री की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सर्वेश पिछले 4 साल से इस फैक्ट्री में टेलर था, जबकि मूल रूप से संभल के रहने वाले अनवेश सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। पूछताछ में सर्वेश ने कुबूल किया कि दिसंबर 2025 में फैक्ट्री में सफाई के काम के लिए एक युवती आई थी। सर्वेश उससे दोस्ती करना चाहता था, लेकिन जब भी युवती उसके पास रुकती, सुपरवाइजर अनवेश उसे वहां से हटा देते थे। सर्वेश का आरोप है कि अनवेश युवती के सामने ही उसे जलील करते थे। इसी बात से नाराज होकर उसने अनवेश को रास्ते से हटाने की ठान ली और 8 महीने तक अपने गुस्से को दबाकर सही मौके का इंतजार करता रहा।
ये भी पढ़ें:- 23 साल बाद खुला SBI का लॉकर, 50 लाख का सोना गायब... मैनेजर सहित स्टाफ पर FIR दर्ज
बताया जा रहा है कि 10 अगस्त की दोपहर करीब 1:30 बजे आरोपी ने कटिंग सेक्शन में अनवेश को देखा, लेकिन उस वक्त अनवेश के भाई के वहां होने की वजह से वह पीछे हट गया। इसके बाद दोपहर करीब 3 बजे जब सर्वेश दोबारा पहली मंजिल पर गया, तो अनवेश अकेले लेटे हुए थे। मौका पाते ही सर्वेश ने कपड़ा काटने वाली भारी कैंची उठाई और अनवेश के सिर व गले पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। इस हमले में अनवेश की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। वारदात के दौरान खुद आरोपी की उंगली भी कट गई थी। हत्या के बाद आरोपी खून से सनी कैंची लेकर फैक्ट्री से निकला और भगत सिंह चौक के पास झाड़ियों में छिपाकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर ट्रॉनिका सिटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।
एसीपी लोनी राम किशन राना के मुताबिक, पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी सर्वेश को हनुमान चौक के पास से दबोच लिया। उसकी निशानदेही पर झाड़ियों से हत्या में इस्तेमाल की गई कैंची भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। अनवेश लोनी के बेहटा हाजीपुर इलाके में अपनी पत्नी और 3 छोटे बच्चों के साथ रहता था। वह घर में अकेला कमाने वाला सदस्य था। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने प्रशासन से आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाने के साथ-साथ मासूम बच्चों के भविष्य के लिए आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।