उन्नाव साधु हत्याकांड का मुख्य आरोपी इसराइल ढेर, लाउडस्पीकर विवाद में की थी हत्या... 1 लाख का था इनामी

Edited By Anil Kapoor,Updated: 15 Jun, 2026 09:53 AM

unnao sadhu murder case accused killed in police encounter

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में हुए चर्चित साधु हत्याकांड के मुख्य आरोपी इसराइल उर्फ इजराइल का रविवार देर रात पुलिस एनकाउंटर में खात्मा हो गया। हत्या की वारदात के बाद से ही फरार चल रहे इस आरोपी पर पुलिस ने 1 लाख रुपए का इनाम घोषित .....

Unnao News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में हुए चर्चित साधु हत्याकांड के मुख्य आरोपी इसराइल उर्फ इजराइल का रविवार देर रात पुलिस एनकाउंटर में खात्मा हो गया। हत्या की वारदात के बाद से ही फरार चल रहे इस आरोपी पर पुलिस ने 1 लाख रुपए का इनाम घोषित किया हुआ था। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी थी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुआ है।

मंदिर में लाउडस्पीकर बजाने पर हुई थी हत्या
मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के घूरे टीला कस्बे का है। जहां के रहने वाले बाबा मिलन दास अपनी जमीन पर राम मंदिर का निर्माण करवा रहे थे। बताया जा रहा है कि मंदिर में लाउडस्पीकर बजाने को लेकर उनका दूसरे समुदाय के कुछ लोगों के साथ विवाद हो गया था। इसी रंजिश में बीती 9 जून को दिनदहाड़े बाबा मिलन दास पर चाकुओं से हमला कर बेरहमी से उनकी हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सांप्रदायिक तनाव फैल गया था। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर इसराइल, यामीन, शानू, मोहम्मद शफी और लल्ली उर्फ अजय गौतम सहित 5 लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया था। पुलिस कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी थी, लेकिन मुख्य आरोपी इसराइल लगातार पुलिस को छका रहा था।

आधी रात को एक्सप्रेसवे के पास घेराबंदी
उन्नाव के एसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि रविवार देर रात करीब 3:40 बजे बांगरमऊ पुलिस और एसओजी (SOG) की टीम आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि 1 लाख का इनामी इसराइल ग्राम ताजपुर अंडरपास के पास किसी का इंतजार कर रहा है।

सरेंडर की चेतावनी पर खोल दिया फायर
सटीक लोकेशन मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। लेकिन इसराइल ने खुद को घिरा देख पुलिस पर ही सीधे गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस दौरान एक गोली उपनिरीक्षक न्यूटन कुमार सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जबकि एसओजी के सिपाही विकास भदौरिया के हाथ में गोली लग गई। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें इसराइल को गोलियां लगीं और वह वहीं ढेर हो गया। उसे तुरंत बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक चाकू, 315 बोर का तमंचा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी छानबीन शुरू कर दी है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!