Edited By Anil Kapoor,Updated: 22 Jul, 2026 07:35 AM

गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में पारिवारिक झगड़े के बाद माता-पिता की कथित रूप से हत्या कर देने को लेकर 2 भाइयों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे पुलिस को...
Ghaziabad News: गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में पारिवारिक झगड़े के बाद माता-पिता की कथित रूप से हत्या कर देने को लेकर 2 भाइयों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे पुलिस को एक किरायेदार ने सूचना दी कि वीर नगर इलाके में मकान मालिक गंगाशरण, उनकी पत्नी विमलेश और उनके 2 बेटों- दीपक और ललित के बीच हिंसक विवाद हो गया है।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत, दोनों बेटे हिरासत में
उन्होंने बताया कि किराएदार ने पुलिस को जानकारी दी कि झगड़े के दौरान गंगाशरण और विमलेश गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल दंपत्ति को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तिवारी ने बताया कि दोनों आरोपी बेटों को हिरासत में ले लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
फॉरेंसिक जांच जारी, संपत्ति विवाद में हत्या की आशंका
पुलिस उपायुक्त के अनुसार फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए हैं, जबकि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। डीसीपी ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चला है कि परिवार में लंबे समय से घरेलू झगड़ा चल रहा था, जिसमें संपत्ति का विवाद भी शामिल था। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान यह भी पता चला कि कथित हत्याएं पारिवारिक झगड़े के कारण हुई बहस के दौरान की गईं।
बेदखली और बेरोजगारी से बढ़ा तनाव, गले पर मिले चोट के निशान
स्थानीय लोगों के अनुसार, माता-पिता ने कथित तौर पर दोनों बेटों को अपनी संपत्ति से बेदखल कर दिया था तथा चूंकि दोनों कथित तौर पर बेरोजगार थे, जिसके कारण परिवार में अक्सर झगड़े होते रहते थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक सोमवार रात, ऐसी ही एक बहस कथित तौर पर हिंसक हो गई। उन्होंने बताया कि गंगाशरण के सिर पर चोटें आई थीं और गला घोंटे जाने का भी संदेह है। पुलिस का कहना है कि लेकिन मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता चलेगा। पुलिस ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।