Edited By Ramkesh,Updated: 24 Oct, 2026 02:25 PM

दिल्ली की एक अदालत ने शनिवार को सोशल मीडिया 'कंटेंट क्रिएटर' आमिर शौकीन को नस्ली टिप्पणी और दुर्व्यवहार के मामले में पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो से जुड़ा है, जिसमें त्रिपुरा के एक युवक के खिलाफ...
नई दिल्ली: दिल्ली की एक अदालत ने शनिवार को सोशल मीडिया 'कंटेंट क्रिएटर' आमिर शौकीन को नस्ली टिप्पणी और दुर्व्यवहार के मामले में पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो से जुड़ा है, जिसमें त्रिपुरा के एक युवक के खिलाफ कथित तौर पर नस्ली टिप्पणियां की गईं और उसे अपमानित किया गया। शुक्रवार को दी गई एक दिन की न्यायिक हिरासत खत्म होने के बाद शौकीन को शनिवार को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश शिल्पी जैन की अदालत में पेश किया गया।
पुलिस ने अदालत को बताया कि घटना में कथित तौर पर शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए शौकीन को अहमदाबाद ले जाने की जरूरत है। दिल्ली पुलिस ने बृहस्पतिवार को इस वीडियो का स्वतः संज्ञान लेने के बाद शौकीन को गिरफ्तार किया था। वीडियो में त्रिपुरा के एक युवक के साथ कथित तौर पर नस्ली एवं अपमानजनक व्यवहार किया गया था। दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (आईएफएसओ) इकाई इस मामले की जांच कर रही है। यह जांच पूर्वोत्तर क्षेत्र विशेष पुलिस इकाई (एसपीयूएनईआर) की ओर से सूचना दिए जाने के बाद शुरू की गयी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह वीडियो करीब एक महीने पहले अहमदाबाद में रिकॉर्ड किया गया था। इस मामले में सात से आठ लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। इस घटना की व्यापक स्तर पर निंदा हुई। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू और त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साहा ने त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक को दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय करने का निर्देश दिया था, जबकि रीजीजू ने कहा था कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। त्रिपुरा स्टूडेंट्स फोरम, दिल्ली ने भी मामले की निष्पक्ष जांच करने और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों को सुरक्षित रखने की मांग की थी। इनमें मूल वीडियो रिकॉर्डिंग, मेटाडेटा, अकाउंट से जुड़ी जानकारी और वीडियो अपलोड किए जाने का इतिहास शामिल है।