Edited By Purnima Singh,Updated: 16 Jun, 2026 12:13 PM

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को स्लोवाकिया के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान 'द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)' से सम्मानित किए जाने को 140 करोड़ भारतीयों के लिए गर्व और सम्मान का क्षण बताया। ...
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को स्लोवाकिया के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान 'द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)' से सम्मानित किए जाने को 140 करोड़ भारतीयों के लिए गर्व और सम्मान का क्षण बताया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार देर रात 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''स्लोवाकिया द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 'द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)' से सम्मानित किया जाना 140 करोड़ भारतीयों के लिए अत्यंत गर्व और सम्मान का क्षण है।''
'भारत के प्रति बढ़ते वैश्विक सम्मान का प्रतीक'
उन्होंने कहा, ''यह प्रतिष्ठित सम्मान भारत के प्रति बढ़ते वैश्विक सम्मान का प्रतीक है। साथ ही, यह अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों को सुदृढ़ बनाने, साझा समृद्धि को बढ़ावा देने और देशों के बीच स्थायी मित्रतापूर्ण संबंध विकसित करने में प्रधानमंत्री के असाधारण योगदान को मान्यता देता है।'' मुख्यमंत्री ने कहा, ''उनके (प्रधानमंत्री के) दूरदर्शी नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर एक प्रभावशाली आवाज के रूप में उभर रहा है तथा दुनियाभर में प्रशंसा, विश्वास और सद्भावना अर्जित कर रहा है।''
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी गर्व व्यक्त किया
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को स्लोवाकिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस' (फर्स्ट क्लास) से सम्मानित किया जाना प्रत्येक भारतवासी के लिए गर्व का विषय है। यह सम्मान वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा और माननीय प्रधानमंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व की अंतरराष्ट्रीय स्वीकृति का प्रतीक है।" उन्होंने कहा, ''प्रधानमंत्री के यशस्वी नेतृत्व में भारत ने विश्व समुदाय के बीच विश्वास, सहयोग और साझा विकास की नई पहचान स्थापित की है। उनकी कूटनीतिक दूरदृष्टि ने भारत को वैश्विक निर्णय-प्रक्रिया के केंद्र में एक सशक्त और सम्मानित राष्ट्र के रूप में स्थापित किया है।''
हर भारतीय के लिए यह गौरवपूर्ण क्षण- ब्रजेश पाठक
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "हर भारतीय के लिए यह एक और गौरवपूर्ण क्षण है।" उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को स्लोवाकिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस' (फर्स्ट क्लास) से सम्मानित किया गया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर माननीय प्रधानमंत्री जी को हार्दिक बधाई और अनंत शुभकामनाएं।" भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने भी सोशल मीडिया पोस्ट में इस सम्मान के लिए प्रधानमंत्री को बधाई दी।