Edited By Anil Kapoor,Updated: 06 Jun, 2026 10:08 AM

उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में नवाबगंज थाना क्षेत्र में कोचिंग संचालक की हत्या के सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने मात्र 4 दिनों में खुलासा करते हुए मृतक के 15 वर्ष पुराने मित्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने सोने की चेन और ब्रेसलेट हड़पने के लालच...
Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में नवाबगंज थाना क्षेत्र में कोचिंग संचालक की हत्या के सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने मात्र 4 दिनों में खुलासा करते हुए मृतक के 15 वर्ष पुराने मित्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने सोने की चेन और ब्रेसलेट हड़पने के लालच में महिला का वेश धारण कर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था।
ये भी पढ़ें:- अमेठी में तड़के बरपा कहर: मिट्टी के घर की दीवार गिरने से मलबे में दबा परिवार, मां-बेटी की मौत... बेटा गंभीर
पुलिस सूत्रों के अनुसार 30 और 31 मई की मध्य रात्रि नवाबगंज थाना क्षेत्र में कोचिंग संचालक प्रकाश चन्द्र गुप्ता की हत्या कर दी गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त के निर्देश पर डीसीपी सेंट्रल के नेतृत्व में 10 विशेष टीमों का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस टीमों ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। लगातार 4 दिनों तक चली जांच के बाद पुलिस ने मामले का सफल अनावरण करते हुए मोहित द्विवेदी (43) को गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ें:- योगी सरकार का पुलिस महकमे में बड़ा उलटफेर: 6 IPS अफसरों का हुआ ट्रांसफर, देखें पूरी लिस्ट
पूछताछ में पता चला कि आरोपी मोहित द्विवेदी मृतक का करीब 15 वर्ष पुराना मित्र था। वह प्रकाश चन्द्र गुप्ता के पास मौजूद सोने की चेन और ब्रेसलेट पर नजर रखे हुए था। इसी लालच में उसने सुनियोजित साजिश रची और पहचान छिपाने के लिए बुर्का पहनकर महिला का वेश धारण किया। इसके बाद उसने कोचिंग संचालक की हत्या कर दी और मौके से आभूषण लेकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतक की सोने की चेन और ब्रेसलेट बरामद कर लिए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त बुर्का, दुपट्टा, दस्ताने, लेडीज बैग, एक अवैध तमंचा, कारतूस तथा अन्य सामान भी बरामद किया गया है।
ये भी पढ़ें:- संभल में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: अवैध मजार ध्वस्त, अब तक 100 हेक्टेयर सरकारी जमीन अतिक्रमण से मुक्त
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले के सफल अनावरण पर पुलिस आयुक्त ने जांच टीम की सराहना करते हुए उसे 50 हजार रुपए के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक जांच के समन्वय से इस ब्लाइंड मडर्र केस का शीघ्र खुलासा संभव हो सका, जिससे एक सनसनीखेज हत्या की गुत्थी सुलझ गई।