Edited By Ramkesh,Updated: 16 Jul, 2026 08:30 PM

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में बृहस्पतिवार को ऑक्सीजन सिलेंडर से भरे एक कैंटर और एक जीप की आमने-सामने की टक्कर में पंजाब के रहने वाले तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में बृहस्पतिवार को ऑक्सीजन सिलेंडर से भरे एक कैंटर और एक जीप की आमने-सामने की टक्कर में पंजाब के रहने वाले तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बरेली के अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तर) मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि नवाबगंज थाना क्षेत्र में बरेली-पीलीभीत राजमार्ग पर निर्माणाधीन वन-वे रास्ते पर ऑक्सीजन सिलेंडर से भरे कैंटर और सामने से आ रही एक जीप की भीषण टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जीप के परखच्चे उड़ गए। मिश्रा के मुताबिक, हादसे में पंजाब के फतेहगढ़ निवासी हरजीत सिंह (60) और भूपेंद्र कौर (62) तथा लुधियाना निवासी संतोष सिंह (65) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जीप चालक मुकुंद सिंह और लाडी सिंह नामक एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिश्रा ने बताया कि जीप सवार सभी लोग लखीमपुर-खीरी के पलिया से पंजाब लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि जिस जगह पर हादसा हुआ, वहां सड़क की मरम्मत की जा रही थी, जिसकी वजह से उसे एकल दिशा मार्ग (वनवे) कर दिया गया था। मिश्रा के अनुसार, तेज रफ्तार और वनवे व्यवस्था के बीच हुई चूक इस भीषण दुर्घटना की बड़ी वजह हो सकती है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने कैंटर चालक पंचम लाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।