Edited By Purnima Singh,Updated: 06 Jul, 2026 02:28 PM

कानपुर के बर्रा इलाके में सोमवार को हुए एक हादसे में यातायात पुलिस में तैनात एक सिपाही और ट्रक चालक की मौत हो गयी तथा एक अन्य कांस्टेबल गम्भीर रूप से घायल हो गया...
Kanpur News : कानपुर के बर्रा इलाके में सोमवार को हुए एक हादसे में यातायात पुलिस में तैनात एक सिपाही और ट्रक चालक की मौत हो गयी तथा एक अन्य कांस्टेबल गम्भीर रूप से घायल हो गया। अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) विपिन ताडा ने यहां बताया कि नौबस्ता बाईपास पर तैनात यातायात पुलिसकर्मी जितेंद्र और राकेश कुमार यातायात जाम की सूचना मिलने पर तड़के करीब चार बजे एलिवेटेड कॉरिडोर की ओर जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि जब दोनों पुलिसकर्मी मोटरसाइकिल से बर्रा मार्ग पर पहुंचे तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी जिससे कांस्टेबल जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गयी। ताडा ने बताया कि घटना में गम्भीर रूप से घायल हुए दूसरे सिपाही राकेश कुमार को कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि टक्कर के बाद ट्रक चालक ने भागने की कोशिश की लेकिन कुछ दूर जाकर उसका वाहन एक कंटेनर ट्रक से टकरा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक अंदर ही फंस गया।
बाद में पुलिस और बचाव दल के सदस्यों ने केबिन को काटकर शव को बाहर निकाला। पुलिस उपायुक्त (यातायात) रवींद्र कुमार ने बताया कि रिपोर्ट लिखे जाने तक मृत ट्रक चालक की पहचान नहीं हो पाई थी। एक अधिकारी ने बताया कि इस हादसे के कारण एलिवेटेड कॉरिडोर पर यातायात लगभग दो घंटे तक बाधित रहा। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।