Edited By Ajay kumar,Updated: 12 Dec, 2023 08:32 PM

रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियों के बीच जन्मभूमि परिसर स्थित कुबेर टीला पर सोमवार को कांस्य से बनी जटायु की प्रतिमा स्थापित कर दी गई। 22 जनवरी को प्रधानमंत्री जटायु की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
अयोध्या: रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियों के बीच जन्मभूमि परिसर स्थित कुबेर टीला पर सोमवार को कांस्य से बनी जटायु की प्रतिमा स्थापित कर दी गई। 22 जनवरी को प्रधानमंत्री जटायु की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।

प्रधानमंत्री सबसे पहले जटायु की प्रतिमा पर करेंगे पुष्प अर्पित
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी बताते हैं कि राम मंदिर में प्रधानमंत्री सबसे पहले जटायु की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के लिए जाएंगे उसके बाद राम मंदिर में रामलला का प्राण प्रतिष्ठा करेंगे। उन्होंने बताया कि जटायु की प्रतिमा स्थापित किए जाने के पीछे का कारण है कि जिस प्रकार से त्रेताकाल में श्रीराम और माता सीता भक्ति भाव में जटायु ने अपने प्राणों का त्याग किया था और इस कलयुग में 500 वर्षों तक श्रीराम के भव्य मंदिर के लिए लाखों राम भक्तों ने बलिदान दिया है। आज उन्हीं संघर्ष और बलिदानों की प्रतीक जटायु की प्रतिमा स्थापित कराई गई है।

5 फीट ऊंचे पत्थरों के एक पहाड़ पर प्रतिमा की गई स्थापितः डॉ. अनिल मिश्रा
ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा ने बताया कि इस प्रतिमा को लगाने के लिए पहले 5 फीट ऊंचे पत्थरों के एक पहाड़ का स्वरूप तैयार किया गया है। जिसके ऊपर प्रतिमा स्थापित की गई है।
शिव मंदिर का भी कराया जा रहा जीर्णोद्धार
रामजन्भूमि परिसर में कुबेर टीला पर स्थित प्राचीन शिवमंदिर का भी श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से जीर्णोद्वारा कराया जा रहा है। ट्रस्ट सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा ने बताया कि टीला पर विराजमान शिवलिंग पर गोलार्द्ध मंदिर के रूप में भव्यता दी जा रही है। इसी मंदिर के सामने जटायु की प्रतिमा भी स्थापित कराई गई है।