Edited By Purnima Singh,Updated: 28 Jun, 2025 02:03 PM

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मज़दूर की हत्या ने इंसानियत को एक बार फिर शर्मसार कर दिया है .....
बागपत : उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मज़दूर की हत्या ने इंसानियत को एक बार फिर शर्मसार कर दिया है। मज़दूर द्वारा बकाया मज़दूरी मांगने पर भट्टा मालिक ने उसे तीसरी मंज़िल से नीचे फेंक दिया।
50 हजार के लिए ले ली जान
पूरा मामला जिले के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के राजपुर खामपुर गांव का है। मृतक राशिद बीते पांच सालों से सृष्टि ईंट भट्ठे पर काम कर रहा था। परिजनों का आरोप है कि बकाया मज़दूरी मांगने पर भट्टा मालिक के बेटे नीरज और मुनीम ने उसे पहले पीटा और फिर तीसरी मंज़िल से धक्का दे दिया। जिससे उसकी जान चली गई। राशिद के बेटे बिलाल के मुताबिक, उसके पिता की करीब 50 हजार रुपये की मज़दूरी बाकी थी। वह कई बार भट्ठा मालिक से पैसे मांग चुका था, लेकिन हर बार टाल-मटोल और धमकियां दी जाती थीं।
गांववालों में गुस्से का माहौल
परिजनों ने बताया कि घटना के बाद घायल राशिद को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। जहां घंटों तक तड़पने के बाद राशिद की मौत हो गई। ईंट भट्ठा संचालकों ने इलाज में कोई मदद नहीं की और फोन तक नहीं उठाया। इस घटना से गांववालों में गुस्सा है। गांववाले न्याय की गुहार लगा रहे हैं। वहीं पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।