UP में श्रावस्ती, कासगंज और अलीगढ़ हुए कोरोना मुक्त, दूसरी लहर पर लगभग काबू

Edited By Tamanna Bhardwaj,Updated: 08 Jul, 2021 03:30 PM

shravasti kasganj and aligarh become corona free in up

उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण की लगभग काबू हो चुकी दूसरी लहर के बीच श्रावस्ती के बाद कासगंज और अलीगढ़ जिलों को वैश्विक महामारी से निजात मिल चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरूवार को कोविड-19 प्रबंधन के लिए गठित टीम-09 की बैठक में कहा कि...

लखनऊः उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण की लगभग काबू हो चुकी दूसरी लहर के बीच श्रावस्ती के बाद कासगंज और अलीगढ़ जिलों को वैश्विक महामारी से निजात मिल चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरूवार को कोविड-19 प्रबंधन के लिए गठित टीम-09 की बैठक में कहा कि श्रावस्ती, कासगंज और अलीगढ़ जिलों में आज एक भी संक्रमित मरीज नहीं है। अब तक यहां कोरोना संक्रमित हुए सभी मरीज उपचारित होकर स्वस्थ हो चुके हैं। यह बेहतर स्थिति टीम वर्क से संभव हुई है। इन जिलों के जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्यकर्मियों, फ्रंटलाइन वकर्रों, निगरानी समितियों, स्थानीय प्रशासन सहित सभी लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि कासगंज, श्रावस्ती और अलीगढ़ में अगले एक सप्ताह तक संक्रमण का कोई नया केस नहीं मिलता है, तो जिलों को पुरस्कृत किया जाएगा। जिले में एग्रेसिव टेस्टिंग जारी रखी जाए। टेस्ट में कोई कमी न हो। योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश छह करोड़ से अधिक कोविड टेस्ट करने वाला पहला राज्य होने जा रहा है। एग्रेसिव ट्रेसिंग और टेस्टिंग और त्वरित ट्रीटमेंट की यह नीति कोरोना प्रबंधन का मूल है। पिछले 24 घंटे 2,59,174 कोविड सैम्पल की जांच की गई और पॉजिटिविटी दर 0.04 फीसदी से कम रही। प्रदेश में अब तक पांच करोड़ 98 लाख 48 हजार 583 से अधिक टेस्ट हो चुके हैं। यह देश में किसी एक राज्य द्वारा की गई सर्वाधिक कोविड टेस्टिंग है। कोरोना संक्रमण की नियंत्रित स्थिति के बाद भी एग्रेसिव टेस्टिंग जारी रखी जाए।       

उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 112 नए मरीजों की पुष्टि हुई है, जबकि 258 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए हैं। वर्तमान में 1,789 एक्टिव केस हैं, इसमें 1,334 लोग होम आइसोलेशन में है। पिछले दिन 33 जिलों में एक भी नया केस नहीं मिला, जबकि शेष में इकाई अंक में संक्रमित पाए गए। प्रदेश में कोरोना की रिकवरी दर और बेहतर होकर 98.6 प्रतिशत हो गई है। अब तक 16 लाख 82 हजार से अधिक प्रदेशवासी कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं।        

योगी ने कहा कि पिछले 24 घंटे में 07 लाख 10 हजार 958 से अधिक प्रदेशवासियों ने टीका-कवर प्राप्त किया। वर्तमान में टीकाकरण की प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है। अब तक 03 करोड़ 52 लाख से अधिक वैक्सीन डोज लगाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अतिशीघ्र मीरजापुर, गाजीपुर, देवरिया, एटा, फतेहपुर, हरदोई, प्रतापगढ़, सिद्धार्थ नगर और जौनपुर जिलों में स्थापित हो रहे मेडिकल कॉलेजों का लोकार्पण करेंगे। 

सरकार सभी 75 जिलों में न्यूनतम एक-एक मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए संकल्पित है। सतत नियोजित प्रयासों से प्रदेश के 59 जिलों में न्यूनतम एक मेडिकल कॉलेज क्रियाशील हो रहे हैं। शेष 16 के लिए पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज स्थापित किये जाएंगे। इस संबंध में शासकीय नीति अविलंब तैयार कर प्रस्तुत किया जाए। 
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!