Edited By Purnima Singh,Updated: 31 May, 2026 05:54 PM

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान भी किया और हंसने पर भी मजबूर कर दिया। कचहरी परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक बंदर 2 लाख रुपये से भरा बैग लेकर पेड़ पर चढ़ गया और उसके अंदर रखे 500-500 रुपये के नोट हवा...
बुलंदशहर : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान भी किया और हंसने पर भी मजबूर कर दिया। कचहरी परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक बंदर 2 लाख रुपये से भरा बैग लेकर पेड़ पर चढ़ गया और उसके अंदर रखे 500-500 रुपये के नोट हवा में उड़ाने लगा। कुछ ही मिनटों में परिसर के आसपास मौजूद लोग नोट बटोरने लगे और इस अनोखे नजारे का वीडियो बनाने में जुट गए। घटना का 53 सेकेंड का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जमीन का बैनामा कराने आया था युवक
जानकारी के अनुसार, एक युवक जमीन का बैनामा कराने के लिए बुलंदशहर कचहरी पहुंचा था। उसके पास करीब 2 लाख रुपये नकद थे, जिन्हें उसने एक बैग में रखा हुआ था। बताया जा रहा है कि वह अधिवक्ता के चेंबर से निकलकर स्टांप वेंडर की ओर जा रहा था, तभी अचानक एक बंदर की नजर उसके बैग पर पड़ गई।
खाने का सामान समझकर झपटा बैग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बंदर को लगा कि बैग में खाने-पीने का कोई सामान होगा। इसी वजह से उसने युवक के हाथ से बैग छीन लिया और तेजी से पास के एक ऊंचे पेड़ पर चढ़ गया। युवक और आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही रुपयों से भरा बैग बंदर के कब्जे में पहुंच चुका था।
बैग खुलते ही शुरू हो गई 'नोटों की बारिश'
पेड़ पर बैठकर बंदर ने बैग खोलना शुरू किया। लेकिन बैग के अंदर खाने का सामान नहीं, बल्कि 500-500 रुपये की गड्डियां थीं। इसके बाद बंदर ने एक-एक करके नोट निकालने शुरू किए और उन्हें हवा में उछालने लगा।
देखते ही देखते सैकड़ों नोट हवा में उड़ने लगे। कुछ नोट सड़क पर गिरे तो कुछ दूर-दूर तक बिखर गए। अचानक हवा में उड़ते नोट देखकर लोग हैरान रह गए। जब उन्हें समझ आया कि ये 500 रुपये के असली नोट हैं, तो मौके पर हलचल मच गई।
नोट बटोरने और वीडियो बनाने में जुटे लोग
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचने लगे। कुछ लोग जमीन पर गिरे नोटों को इकट्ठा करने में जुट गए, जबकि कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन निकालकर पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में कचहरी परिसर के आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
लोगों की ईमानदारी से बच गए लाखों रुपये
इस घटना का सबसे सकारात्मक पहलू यह रहा कि लोगों ने ईमानदारी दिखाते हुए गिरे हुए नोट युवक को वापस दिलाने में मदद की। जानकारी के मुताबिक, करीब 2 लाख रुपये में से लगभग 1 लाख 98 हजार रुपये बरामद कर लिए गए। इस तरह युवक का बड़ा आर्थिक नुकसान होने से बच गया।
सोशल मीडिया पर छाया 'नोट उड़ाने वाला बंदर'
53 सेकेंड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो पर लोग मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कोई बंदर को "सबसे बड़ा दानवीर" बता रहा है तो कोई लिख रहा है कि "इतनी तेजी से तो बैंक भी कैश वितरित नहीं करते।" हालांकि युवक के लिए यह घटना तनावपूर्ण रही, लेकिन इंटरनेट की दुनिया में यह किस्सा अब चर्चा और मनोरंजन का विषय बन चुका है।