Edited By Tamanna Bhardwaj,Updated: 11 Sep, 2023 06:32 PM

सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने ओम प्रकाश राजभर पर पलटवार किया है। साथ ही शिवपाल ने यूपी सरकार के सहयोगी दल निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद पर भी निशाना साधा। शिवपाल ने...
लखनऊ: सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने ओम प्रकाश राजभर पर पलटवार किया है। साथ ही शिवपाल ने यूपी सरकार के सहयोगी दल निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद पर भी निशाना साधा। शिवपाल ने कहा कि ओम प्रकाश राजभर और संजय निषाद बहरूपिये हैं। उनके बारे में तो पूरा प्रदेश जानता है। उनके एनडीए के लिए प्रचार करने से हमें (सपा) ज्यादा वोट मिला।"

शिवपाल सिंह ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वो हमारे लिए स्टार प्रचारक हैं। उन्होंने एनडीए के लिए प्रचार किया तो सपा को ज्यादा वोट मिला। उन्होंने कहा कि हमने तो विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील की थी कि उन्हें (राजभर को) मंत्री बना दीजिए नहीं तो वो फिर हमारी तरफ आ जाएंगे।

शिवपाल सिंह यादव ने घोसी विधानसभा सीट पर उपचुनाव में पार्टी को जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है। वो लगातार वहां मौजूद रहे और प्रचार करते रहे। बताया जाता है कि घोसी में उन्होंने वैसे ही काम किया जैसे मुलायम सिंह यादव के समय काम किया करते थे।" बता दें कि सपा विधायक दारा सिंह के इस्तीफे से खाली हुई घोसी विधानसभा सीट के चुनाव परिणाम घोषित हो गए हैं। सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह ने सपा से बीजेपी आए दारा सिंह चौहान को 42 हजार से अधिक मतों से हरा दिया है। चुनाव परिणाम इस तरह के आएंगे ऐसी उम्मीद चुनावी जानकार नहीं कर रहे थे। इतनी बड़ी वोटों की यह हार बताती है कि दारा सिंह को क्षेत्र की जनता ने करीब-करीब खारिज कर दिया है।