Edited By Prashant Tiwari,Updated: 27 Jan, 2023 06:41 PM

देश में भक्ति व अंधविश्वास के बीच चल रहे बहस में अब मुस्लिम समुदाय भी आ गया हैं। बरेली की दरगाह आला हजरत से जुड़े संगठन ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने बागेश्वर धाम के कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री को लेकर...
बरेली : देश में भक्ति व अंधविश्वास के बीच चल रहे बहस में अब मुस्लिम समुदाय भी आ गया हैं। बरेली की दरगाह आला हजरत से जुड़े संगठन ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने बागेश्वर धाम के कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री को लेकर अपनी बात रखते हुए सरकार से उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने को कहा हैं। उन्होंने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री अपने बयानों से देश में नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं। धर्मांतरण की बात करते हैं। खुले मंच से इस्लाम धर्म के खिलाफ साजिश रचने और मजाक उड़ाने का काम कर रहे हैं। सरकार के इनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। अगर सरकार इनके खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाएगी तो हम कोर्ट जाएंगे।
मुस्लिम धर्मगुरु किसी का धर्मांतरण कराता तो जेल में होता
मौलाना शहाबुद्दीन ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि धीरेंद्र शास्त्री ने खुद कहा हैं कि वो अब तक 328 पुरुष और महिलाओं का धर्मांतरण करवा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई मुस्लिम धर्मगुरु किसी गैर मुस्लिम का धर्मांतरण करा देता तो वो 24 घंटे के अंदर जेल में होता। मगर धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ सरकार खामोश तमाशबीन बनी हुई है। मेरी सरकार से गुजारिश है कि वह धर्मांतरण कानून के तहत धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ कार्रवाई करें। अगर धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो मुस्लिम जमात के लोग कोर्ट जाने पर मजबूर होंगे।

भारत कभी हिंदू या मुस्लिम राष्ट्र नहीं हो सकता
मौलाना शहाबुद्दीन रिजवी ने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है, यहां लोकतंत्र कायम है। देश संविधान के अनुरूप चलता है। संविधान पर सभी लोगों को भरोसा है। जो लोग भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की कोशिश करते हैं वो लोग सपनों की जिंदगी जी रहे हैं। भारत कभी भी हिंदू राष्ट्र नहीं हो सकता और न ही मुस्लिम राष्ट्र बन सकता है। हिन्दू राष्ट्र और मुस्लिम राष्ट्र की बातें करने वाले लोगों को हकीकत की जिंदगी जीना चाहिए।