Edited By Ramkesh,Updated: 16 Jul, 2023 12:52 PM

उत्तर प्रदेश के मऊ जिले की घोसी सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक दारा सिंह चौहान विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के कार्यालय ने त्यागपत्र प्राप्त होने की पुष्टि की है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक...
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले की घोसी सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक दारा सिंह चौहान विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के कार्यालय ने त्यागपत्र प्राप्त होने की पुष्टि की है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक दारासिंह चौहन को भारतीय जनता पार्टी घोषी विधान सभा से उपचुनाव लड़ा सकती है। सूत्रों की मानें तो योगी मंत्रिमंडल में भी शामिल किए जा सकते है। वहीं ओम प्रकाश राजभर भी बीजेपी के साथ गठबंधन कर लिया है। बताया जा रहा है कि ओपी राजभर को यूपी कैबिनेट में जगह मिल सकती है।

बता दें कि दारासिंह चौहन ने शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने पत्र में लिखा, ''मैं दारा सिंह चौहान मऊ जिले की घोसी सीट-354 से विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र देता हूं।'' विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप दुबे ने एक बयान में बताया कि मऊ जिले की घोसी सीट से विधायक दारा सिंह चौहान ने आज दिनांक 15 जुलाई 2023 को विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र माननीय अध्यक्ष विधानसभा की सेवा में प्रस्तुत किया है। इस्तीफे के कारणों के बारे में पूछे जाने पर चौहान ने कहा, ''मैंने अपना इस्तीफा (विधानसभा अध्यक्ष को) दे दिया है और इस बारें में बाद में आपको बताऊंगा।'' उन्होंने इस्तीफा देने के कारणों के बारे में विस्तार से नहीं बताया और न ही अपने इस्तीफे पत्र में किसी कारण का जिक्र किया है ।
गौरतलब है कि चौहान भाजपा की पिछली सरकार (2017-2022) में मंत्री थे, लेकिन 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले वह समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल हो गए थे। चौहान, एक पिछडे वर्ग के (ओबीसी) नेता हैं। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली पहली सरकार में चौहान वन एवं पर्यावरण मंत्री थे। चौहान ने 12 जनवरी, 2022 को मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। चौहान ने 2017 से 2022 तक मऊ जिले के मधुबन विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने 15वीं लोकसभा में बहुजन समाज पार्टी के लिए घोसी सीट का प्रतिनिधित्व भी किया है। इसके बाद लोकसभा चुनाव में वह भाजपा के हरिनारायण राजभर से 1.4 लाख से अधिक मतों से हार गये।
दारासिंह चौहन 2015 में भाजपा में शामिल हुए और उन्हें पार्टी के ओबीसी मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया और मधुबन विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतारा गया। 16 जनवरी 2022 को, चौहान समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे । दारा सिंह चौहान के इस्तीफे को सपा के लिए झटका माना जा रहा है। हालांकि दारासिंह चौहान ने एक बार फिर भाजपा में वापसी का फैसला लिया है। पार्टी सूत्रों की मानें तो दारा सिंह चौहान सोमवार को पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे।