Edited By Ramkesh,Updated: 06 Jun, 2026 02:43 PM

उत्तर प्रदेश में पुलिस एनकाउंटर को लेकर सुभासपा अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जाति और वोट बैंक देखकर अपनी सहानुभूति तय करती है। राजभर ने कहा कि जहां समाजवादी...
अम्बेडकरनगर: उत्तर प्रदेश में पुलिस एनकाउंटर को लेकर सुभासपा अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जाति और वोट बैंक देखकर अपनी सहानुभूति तय करती है। राजभर ने कहा कि जहां समाजवादी पार्टी के वोटर होते हैं, वहां सपा नेता चुप्पी साध लेते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गाजियाबाद में सूर्या चौहान की मौत के मामले में भी समाजवादी पार्टी इसलिए चुप रही क्योंकि आरोपी उनके वोटर थे।
बिना भेदभाव के अपराधियों पर हो रही कार्रवाई
राजभर ने आगे कहा कि कौशांबी में पाल समाज की बेटी से दुष्कर्म, मऊ, बाराबंकी और देवरिया में राजभर समाज के लोगों की हत्या के मामलों में जब समाजवादी पार्टी के लोग शामिल थे, तब सपा ने कोई सवाल नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार बिना किसी भेदभाव के अपराधियों पर कार्रवाई कर रही है और प्रदेश में कानून का राज स्थापित कर रही है।
कोर्ट के आदेश के अनुसार चुनाव कराया जाएगा
पंचायती चुनाव को लेकर ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि उनकी पार्टी लगातार चुनाव कराने की मांग कर रही थी, लेकिन समाजवादी पार्टी ने अपने लोगों से कोर्ट में मुकदमा करवा दिया। अब कोर्ट के आदेश के अनुसार चुनाव कराया जाएगा। बता दें कि ओमप्रकाश राजभर अम्बेडकरनगर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की शुरुआत करने पहुंचे थे।