Edited By Anil Kapoor,Updated: 01 Jul, 2026 08:49 AM

उत्तर प्रदेश विधानसभा में समाजवादी पार्टी (SP) के मुख्य सचेतक कमाल अख्तर ने मंगलवार को पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के निर्देश पर अपने पद से इस्तीफा दे दिया। अख्तर ने एक न्यूज एजेंसी से कहा कि मैंने हमेशा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशों का...
Lucknow News: उत्तर प्रदेश विधानसभा में समाजवादी पार्टी (SP) के मुख्य सचेतक कमाल अख्तर ने मंगलवार को पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के निर्देश पर अपने पद से इस्तीफा दे दिया। अख्तर ने एक न्यूज एजेंसी से कहा कि मैंने हमेशा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशों का पालन किया है। वह जो भी निर्देश देंगे, उसका पालन किया जाएगा।
अखिलेश यादव का आदेश था कि नए लोगों को मौका दें
बाद में संवाददाताओं से बातचीत में अख्तर ने त्यागपत्र लिये जाने के बारे में पूछे जाने पर कहा कि हर पार्टी और संगठन में परिवर्तन चलता रहता है। अभी कोई ऐसा पद नहीं है जो स्थाई हो। जब विधानमंडल का कार्यकाल खत्म हो जाएगा तो उसके बाद भी तो वहां से लोग हटेंगे। तब नए लोग सदन बनाएंगे। उन्होंने कहा कि इसी प्रक्रिया के तहत मेरे नेता अखिलेश यादव जी का आदेश था कि आपको इस पद पर काम नहीं करना है.... नए लोगों को जिम्मेदारी देनी है। उनके आदेश का पालन करना कार्यकर्ता होने के नाते मेरी जिम्मेदारी है।
'हम नेता नहीं, 30 साल से पार्टी के वफादार कार्यकर्ता हैं'
इस सवाल पर कि क्या मुख्य सचेतक के पद से हटाए जाने का उन्हें कोई मलाल या नाराजगी है, अख्तर ने कहा कि नाराजगी किस बात की होगी? नाराजगी तब होती है जब आदमी खुद को नेता मानता हो। हम तो कार्यकर्ता हैं और पिछले 30 साल से समाजवादी पार्टी में हैं। हम तो अखिलेश यादव जिंदाबाद, मुलायम सिंह यादव जिंदाबाद करते आए हैं और आगे भी करते रहेंगे। अख्तर ने कहा कि सपा का राष्ट्रीय नेतृत्व जिसको भी मुख्य सचेतक की जिम्मेदारी देगा, वह भी योग्य व्यक्ति ही होगा और उसका पूरा सहयोग किया जाएगा।
मनोज पांडेय की बगावत के बाद मिली थी जिम्मेदारी
मुरादाबाद से सपा सांसद रुचि वीरा के साथ मतभेद के सवाल पर सपा विधायक ने कहा कि यह आप उनसे पूछें तो बेहतर होगा। मुझे तो नहीं लगता कि कोई बात है। अख्तर मुरादाबाद जिले की कांठ सीट से सपा के विधायक हैं। उन्हें पार्टी विधायक मनोज पांडेय के स्थान पर वर्ष 2024 में विधानसभा में सपा का मुख्य सचेतक बनाया गया था। मनोज पांडेय ने वर्ष 2024 के राज्यसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की थी जिसके बाद उन्होंने मुख्य सचेतक पद से इस्तीफा दे दिया था।