Edited By Anil Kapoor,Updated: 04 Jul, 2026 08:14 AM

समाजवादी पार्टी (SP) के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी को शुक्रवार को दिल का दौरा पड़ा जिसके बाद उन्हें यहां सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। चौधरी दिवंगत मुलायम सिंह यादव के दिनों से पार्टी के प्रमुख चेहरों में से...
Lucknow News: समाजवादी पार्टी (SP) के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी को शुक्रवार को दिल का दौरा पड़ा जिसके बाद उन्हें यहां सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। चौधरी दिवंगत मुलायम सिंह यादव के दिनों से पार्टी के प्रमुख चेहरों में से एक रहे हैं । डॉक्टरों ने बताया कि गंभीर दिल का दौरा पड़ने के बाद वरिष्ठ नेता को स्ट्रेचर पर बेहोशी की हालत में सिविल अस्पताल लाया गया। चौधरी की हालत की जानकारी मिलते ही सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अस्पताल पहुंचे।
अखिलेश बोले- 'रिपोर्ट के बाद लेंगे फैसला', अस्पताल पहुंचे डिप्टी CM
यादव ने एक न्यूज एजेंसी से कहा कि डाक्टरों का एक दल उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रहा है। उनका उपचार किया जा रहा है। जब यादव से पूछा गया कि क्या उन्हें किसी अन्य बड़े अस्पताल ले जाने पर विचार हो रहा है, तो उन्होंने कहा कि अभी उन्हें कही और ले जाने की बात नहीं है, डाक्टर की रिपोर्ट के बाद ही कुछ विचार होगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आने वाले पूर्व मंत्री चौधरी को देखने के लिए पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी अस्पताल पहुंचे। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने चौधरी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने के लिए सिविल अस्पताल का दौरा किया। पाठक के पास राज्य के स्वास्थ्य विभाग का प्रभार है।
डिप्टी CM बोले- हालत संभलते ही करेंगे शिफ्ट
पाठक ने पत्रकारों से कहा कि उन्हें (चौधरी) दिल का दौरा पड़ा और उन्हें सिविल अस्पताल लाया गया। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और वरिष्ठ डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के हृदय रोग विशेषज्ञों से परामर्श लिया गया है और संस्थान के विशेषज्ञ डॉक्टरों को उपचार की निगरानी के लिए सिविल अस्पताल में बुलाया गया है। पाठक ने कहा कि जब चौधरी की हालत स्थानांतरण के लायक स्थिर हो जाएगी तो उन्हें विशेष उपचार के लिए लोहिया संस्थान में स्थानांतरित किया जा सकता है।
अस्पताल पहुंचते ही दी गई कार्डियक मसाज
सिविल अस्पताल के निदेशक डॉ. जी.सी. गुप्ता ने एक न्यूज एजेंसी को बताया कि चौधरी को अस्पताल लाने के तुरंत बाद डॉक्टरों ने उन्हें कार्डियक मसाज दी और इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में स्थानांतरित कर दिया, जहां विभाग की टीम ने उनका इलाज किया। उन्होंने कहा कि हमारे विशेषज्ञ उन्हें होश में लाये और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। उन्होंने यह भी बताया कि लोहिया इंस्टीट्यूट से कार्डियक और क्रिटिकल केयर स्पेशलिस्ट की एक टीम को तुरंत सिविल हॉस्पिटल भेजा गया। गुप्ता ने बताया कि हालत स्थिर होने के बाद चौधरी को लोहिया इंस्टीट्यूट स्थानांतरित कर दिया गया और अभी उनकी हालत स्थिर है।