Edited By Rohini Oberoi,Updated: 11 Jun, 2026 12:55 PM

उत्तर प्रदेश के गंगा एक्सप्रेस-वे पर बुधवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। जम्मू-कश्मीर में गर्मियों की छुट्टियां (Vacation) मनाकर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ लौट रहे एक ही परिवार के सदस्यों की तेज रफ्तार SUV कार अचानक अनियंत्रित होकर...
Ganga Expressway Road Accident : उत्तर प्रदेश के गंगा एक्सप्रेस-वे पर बुधवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। जम्मू-कश्मीर में गर्मियों की छुट्टियां (Vacation) मनाकर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ लौट रहे एक ही परिवार के सदस्यों की तेज रफ्तार SUV कार अचानक अनियंत्रित होकर एक्सप्रेस-वे के डिवाइडर से जा टकराई। इस खौफनाक दुर्घटना में कार चला रहे शख्स समेत एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में हादसे की वजह ड्राइवर को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है।
संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि यह हादसा बुधवार को अमरोहा-संभल सीमा के पास हुआ जब परिवार जम्मू-कश्मीर में छुट्टियां मनाकर लखनऊ लौट रहा था। पुलिस के अनुसार चालक नींद आने के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और एसयूवी डिवाइडर पर चढ़ गई, जिससे यह हादसा हुआ।
यह भी पढ़ें: Delhi Murder Wife: घरेलू कलह के चलते पति ने पत्नी को बेरहमी से पीटा, अस्पताल में मौत, आरोपी फरार
मृतकों की पहचान अबू बकर (40), जो वाहन चला रहा था उसकी भाभी हिना (28) और भतीजी जुनैरा (15) के रूप में हुई है। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में परिवार के आठ अन्य सदस्य घायल हो गए। घायलों में अबू बकर की पत्नी कुलसुम (38), उनके भाई मोहम्मद उमर (32), भतीजी सिदरा (14) और हनिया (2), तथा हिना के बच्चे मोहम्मद (4), अफ्फान (7), अफीफा (7) और हमना (10) शामिल हैं।
वहीं पुलिस ने बताया कि घायलों में से तीन की हालत गंभीर है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। सभी घायलों को पहले संभल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जानकारी के अनुसार एसयूवी के आगे एक अन्य कार चल रही थी जिसमें परिवार के कुछ सदस्य सवार थे। उन्हें लगभग 20 किलोमीटर आगे टोल प्लाजा पर पहुंचने के बाद हादसे की जानकारी मिली जिसके बाद वे तुरंत वापस घटनास्थल पर लौट आए।
यह भी पढ़ें: Rain Alert: उत्तर भारत में 2 दिन आंधी और बारिश दिखाएंगे अपना तांडव, दिल्ली-NCR समेत 22 राज्यों में चेतावनी जारी
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अधिकारी ने बताया कि यह हादसा अमरोहा जिले के सैद नगली थाना और संभल जिले के कैला देवी थाना क्षेत्र की सीमा के पास हुआ। नजदीकी होने के कारण संभल पुलिस पहले मौके पर पहुंची।