Edited By Anil Kapoor,Updated: 19 Jun, 2026 07:54 AM

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में घर के बाहर सो रहे एक व्यक्ति की उसके 25 वर्षीय बेटे ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया गया है और अपराध के पीछे की मंशा का पता लगाने...
Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में घर के बाहर सो रहे एक व्यक्ति की उसके 25 वर्षीय बेटे ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया गया है और अपराध के पीछे की मंशा का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
सोते हुए पिता पर कुल्हाड़ी से किए ताबड़तोड़ वार
पुलिस के मुताबिक, जंगल अयोध्या प्रसाद गांव निवासी ब्रह्मदेव कनौजिया (55) बुधवार रात भोजन करने के बाद घर के बाहर खाट पर सोने चला गया। उसने बताया कि रात करीब ढाई बजे कनौजिया के छोटे बेटे गोलू ने एक कुल्हाड़ी से अपने पिता पर कथित तौर पर कई बार वार किए। पुलिस के अनुसार, गोलू ने कनौजिया के सिर और गर्दन पर कथित तौर पर 7 से 8 बार प्रहार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसने बताया कि पुलिस को रात करीब 3 बजे घटना की सूचना मिली।
मानसिक बीमारी और प्रेम प्रसंग के कोण से जांच शुरू
ग्रामीणों ने बताया कि गोलू के जिस महिला के साथ संबंध थे, उसका विवाह किसी और से हो गया था, जिसे लेकर गोलू व्यथित था। उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में उसका व्यवहार आक्रामक हो गया था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि गोलू पिछले 7-8 वर्षों से मानसिक रोग से ग्रस्त था और उसका इलाज कराया जा रहा था। उन्होंने बताया कि 6 महीने पहले मां का निधन होने के बाद गोलू का व्यवहार और खराब हो गया था। पुलिस क्षेत्राधिकारी रवि कुमार सिंह ने कहा कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अस्पष्ट है। उन्होंने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और पुलिस सभी कोण से मामले की जांच कर रही है।