Edited By Purnima Singh,Updated: 21 Jun, 2026 11:40 AM

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि बुंदेलखंड अब पिछड़ेपन का प्रतीक नहीं रहा, बल्कि यह विकास का एक नया मॉडल बनकर उभर रहा है। उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब इन दलों के पास सत्ता थी,...
झांसी : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बुंदेलखंड अब पिछड़ेपन का प्रतीक नहीं रहा, बल्कि यह विकास का एक नया मॉडल बनकर उभर रहा है। उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब इन दलों के पास सत्ता थी, तब वे केवल अपने परिवारों के लिए काम करते थे। मुख्यमंत्री ने झांसी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित 'विकसित भारत संकल्प सम्मेलन' को संबोधित करते हुए कहा कि रक्षा निर्माण कॉरिडोर, एक्सप्रेसवे, मेडिकल कॉलेज, फार्मा पार्क और रोजगार के नए अवसरों ने क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए समाज को बांटने का काम किया, जबकि सत्ता से बाहर होने के बाद वे जाति और धर्म के नाम पर समाज को विभाजित करने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने भी भारत को इसी तरह विभाजित कर कमजोर किया था, इसलिए सामाजिक एकता और राष्ट्रवाद ही देश की सबसे बड़ी ताकत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कार्यकर्ता समाज को जोड़ने और राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य करता है, जबकि विपक्ष विभाजनकारी राजनीति में लगा हुआ है।
आदित्यनाथ ने कहा, ''कांग्रेस से पूछिए तो वह गांधी परिवार को सबसे ऊपर रखेगी और समाजवादी पार्टी से पूछिए तो वह सैफई परिवार को प्राथमिकता देगी, जबकि भाजपा कार्यकर्ता के लिए
राष्ट्र सर्वोपरि है।'' योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब बुंदेलखंड का युवा पलायन नहीं कर रहा, बल्कि सरकारी नौकरियों और उद्योगों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रहा है। सरकार का लक्ष्य हर नौजवान को रोजगार, हर किसान के खेत तक पानी और हर गांव को आत्मनिर्भर बनाना है।