Edited By Anil Kapoor,Updated: 22 May, 2026 07:00 AM

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और लू चलने की चेतावनी जारी की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए अधिकारियों को...
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और लू चलने की चेतावनी जारी की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों के संबंध में पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
UP में 25 मई तक भीषण लू और गर्म रातों का डबल टॉर्चर
लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, किसी सक्रिय मौसम प्रणाली के अभाव, साफ आसमान और शुष्क मौसम के कारण प्रदेश में गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है। इसके अलावा मध्य भारत के ऊपर बने एंटीसाइक्लोन के प्रभाव से मध्य क्षोभमंडल स्तरों से नीचे उतर रही गर्म हवाओं ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। मौसम विभाग ने 21 से 25 मई के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में दिन के समय भीषण लू चलने का अनुमान जताया है। वहीं, 22 से 24 मई के बीच कुछ स्थानों पर रातें भी गर्म रहने की संभावना है।
48 डिग्री के साथ देश में सबसे गर्म रहा बांदा, पारा 40 के पार
विभाग के अनुसार, इसी अवधि में पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बनी रह सकती है। यहां भी कुछ स्थानों पर रात के समय गर्मी से राहत नहीं मिलने की आशंका है। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान बांदा 48 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ एक बार फिर देश का सबसे गर्म स्थान रहा। इसके अलावा राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। भीषण गर्मी का असर कृषि संबंधी गतिविधियों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर भी दिखाई देने लगा है।
फसल झुलसने के डर से किसानों ने रोकी धान की बुआई
बलिया जिले के सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र के किसानों ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण धान की बुआई का काम प्रभावित हो रहा है। किसान ब्रज भूषण सिंह ने कहा कि खेत तैयार होने के बावजूद किसान बुआई शुरू करने से हिचकिचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि अभी बीज बोए गए तो लगातार सिंचाई करनी पड़ेगी और तेज गर्मी में फसल झुलसने का खतरा रहेगा। ऐसी स्थिति में बुआई करना नुकसानदायक हो सकता है। सिंह ने बताया कि उनके गांव में लगभग 50 किसानों ने अब तक बुआई शुरू नहीं की है और खेत खाली पड़े हैं।
अलीगढ़ में 3 करोड़ का डेली कारोबार सिमटकर 3 लाख पर आया
अलीगढ़ से मिली रिपोर्ट के अनुसार, जिले में पिछले 3 दिनों से लगातार बढ़ रही गर्मी के कारण प्रमुख बाजारों में दिन के समय सन्नाटा पसरा हुआ है। अलीगढ़ व्यापार मंडल के महासचिव राजेश भारद्वाज ने बताया कि रेलवे रोड स्थित 600 दुकानों वाले शहर के सबसे पुराने बाजार में गर्मी के चलते व्यापारिक गतिविधियां लगभग ठप हो गई हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 3 दिनों में औसत दैनिक कारोबार करीब ती3 करोड़ रुपए से घटकर लगभग 3 लाख रुपए रह गया है।
CM योगी का सख्त निर्देश: बिजली, पानी और अस्पतालों पर रखें नजर... लापरवाही बर्दाश्त नहीं
इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आम लोगों को लू और गर्मी से होने वाली समस्याओं से बचाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियां पूरी तरह सतर्क रहें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को अस्पतालों, पेयजल व्यवस्था और बिजली आपूर्ति पर लगातार निगरानी रखने के भी निर्देश दिए हैं।