UP में आसमान से बरस रही आग: 44.8°C के साथ प्रयागराज सबसे गर्म, 60°C पहुंचा हीट इंडेक्स... लू का रेड अलर्ट

Edited By Anil Kapoor,Updated: 25 Apr, 2026 08:45 AM

heat red alert in up scorching heat makes everyone miserable

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में अप्रैल के अंतिम सप्ताह में गर्मी के तल्ख तेवर से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आमतौर पर सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखाई देने लगा है। संगम नगरी प्रयागराज 44.8 डिग्री सेल्सियस के तापमान के...

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में अप्रैल के अंतिम सप्ताह में गर्मी के तल्ख तेवर से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आमतौर पर सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखाई देने लगा है। संगम नगरी प्रयागराज 44.8 डिग्री सेल्सियस के तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ज्यादा तपी। गर्मी और कई जिलों में लू जैसे हालात से ना सिर्फ आमजन बल्कि पशु पक्षी भी बेहाल हैं। आवारा जानवर तपिश से खुद को बचाने के लिए खड़े वाहनों के नीचे और हरियाली युक्त स्थान का सहारा ले रहे हैं वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में तालाब पोखरों में मवेशी खुद को तर बतर कर गर्मी के प्रकोप से बच रहे हैं। 

स्कूलों के समय में बदलाव और स्वास्थ्य परामर्श
गर्मी के तल्ख तेवरों के मद्देनजर अधिसंख्य जिलों में स्कूलों में समय परिवर्तन किया गया है और ज्यादातर स्कूल दोपहर 12 बजे तक संचालित किए जा रहे हैं। गर्मी के चलते अस्पतालों में भी मौसम जनित बीमारियों से ग्रसित रोगियों की भीड़ बढ़ी है। डाक्टरों ने सलाह दी है कि गर्मी के इस मौसम में पेय पदार्थ और मौसमी सब्जियों एवं फलों का भरपूर सेवन करें जबकि मसालेदार खाद्य पदार्थ और बासी भोजन से परहेज करें। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में प्रयागराज 44.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिलों में शामिल रहा। मौसम विभाग ने आगामी तीन से चार दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी की संभावना जताई है, जिसके बाद हल्की गिरावट संभव है। 

यूपी के प्रमुख शहरों का तापमान
विभाग द्वारा जारी आंकड़ों में आज दोपहर 2:30 बजे दर्ज तापमान के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्रयागराज 44.8 डिग्री सेल्सियस, सुलतानपुर 43.6, वाराणसी (बीएचयू) 43.4, अमेठी 42.6, वाराणसी एयरपोर्ट 42.2, आजमगढ़ 41.8, लखनऊ 41.4, बहराइच और गोरखपुर 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए गए। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आगरा 43.2, झांसी 42.8, मेरठ 42.0 और बरेली 41.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। कानपुर, झांसी, हमीरपुर और मुरादाबाद का तापमान भी सामान्य से ऊपर रहा।        

वार्म नाइट की चेतावनी और लू का प्रकोप
मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, सहारनपुर, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन और हमीरपुर समेत अनेक जिलों में कहीं-कहीं लू चली है। वहीं सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, हापुड़, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, अमरोहा, संभल और बदायूं में उष्ण रात्रि (वार्म नाइट) की चेतावनी जारी की गई है। 

खतरनाक हीट इंडेक्स और बचाव के उपाय
ताप सूचकांक (हीट इंडेक्स) भी कई जिलों में बेहद प्रभावी रहा। आगरा, मथुरा, हाथरस और फिरोजाबाद में हीट इंडेक्स 50 से 60 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, जबकि झांसी, मेरठ, गाजियाबाद, बहराइच, गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी और बरेली सहित कई जिलों में यह 40 से 50 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 11 बजे से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने, हल्के सूती वस्त्र पहनने तथा बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!