UP चुनाव 2027 की तैयारी: 'यह मेरा घर और कर्मभूमि है...' अमेठी में भावुक हुए राहुल गांधी, बोले- 'यहां के लोग जो कहेंगे वो करूंगा'

Edited By Anil Kapoor,Updated: 21 May, 2026 06:43 AM

family ties with amethi i will do as people here say rahul gandhi

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश करते हुए कहा कि अमेठी से उनका पारिवारिक रिश्ता है और चुनाव से पहले यहां के लोग जो भी कहेंगे,...

Amethi News: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश करते हुए कहा कि अमेठी से उनका पारिवारिक रिश्ता है और चुनाव से पहले यहां के लोग जो भी कहेंगे, वह वैसा ही करेंगे।

अमेठी से भावुक रिश्ता: राहुल बोले—'यह मेरा घर और कर्मभूमि'
गांधी ने गौरीगंज के तेजीपुर गांव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अमेठी के साथ अपने परिवार के लंबे समय से चले आ रहे जुड़ाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह मेरा घर है, मेरा परिवार है और मेरी कर्मभूमि है। राजीव जी, सोनिया जी, प्रियंका जी और मैं - हम सभी अमेठी से जुड़े रहे हैं। मैं यहां से सांसद भी रहा हूं। भविष्य में आप सब मुझसे जो कुछ भी करने को कहेंगे, मैं वही करूंगा। रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपने संबोधन से पहले अमेठी से पार्टी के सांसद किशोरी लाल शर्मा के भाषण का जिक्र करते हुए उसे भावुक बताया और दोहराया कि वह अमेठी के लोगों की भावनाओं का सम्मान करेंगे।

किशोरी लाल शर्मा की इच्छा और 2027 में कांग्रेस के सामने शून्य की चुनौती
शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि वह खुद को महज एक सेवक मानते हैं। उन्होंने इच्छा जताई कि गांधी को एक बार फिर संसद में अमेठी का प्रतिनिधित्व करना चाहिए। शर्मा ने कहा कि गांव-गांव में लोगों के दिलों में गांधी परिवार के लिए आज भी गहरा स्नेह मौजूद है। राहुल गांधी वर्ष 2004 से 2019 तक अमेठी से सांसद रहे और वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें भाजपा नेता स्मृति ईरानी के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा था। हालांकि वर्ष 2024 की लोकसभा चुनाव में अमेठी से कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा ने स्मृति ईरानी को हराया था लेकिन वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अमेठी में कांग्रेस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस अमेठी संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले 5 विधानसभा क्षेत्रों अमेठी जिले के अमेठी, गौरीगंज, जगदीशपुर और तिलोई तथा पड़ोसी जिले रायबरेली के सलोन में से एक भी सीट नहीं जीत सकी थी। इनमें से तीन सीटें भाजपा को तथा दो समाजवादी पार्टी को मिली थीं।

चुनावी सक्रियता के बीच BJP का जोरदार विरोध प्रदर्शन
बताया जा रहा है कि अमेठी में राहुल गांधी की सक्रियता को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी से जोड़कर भी देखा जा रहा है। गांधी बीते बुधवार को कांग्रेस के दिवंगत पूर्व जिला अध्यक्ष योगेंद्र मिश्रा के घर गए और उनके शोकाकुल परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त की। गांधी के आने से पहले, भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने गौरीगंज जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया और कांग्रेस, गांधी तथा अमेठी से कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा के खिलाफ नारे लगाए।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!