‘BJP की सी-टीम है CJP’, बरेली के निलंबित मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री का सरकार पर तीखा हमला, राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर कही बड़ी बात

Edited By Purnima Singh,Updated: 08 Jun, 2026 05:34 PM

cockroach janata party  is bjp s c team says alankar agnihotri

बरेली के निलंबित सिटी मजिस्ट्रेट और राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के प्रमुख अलंकार अग्निहोत्री ने सोमवार को दावा किया कि कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) भाजपा की "सी टीम" है। अग्निहोत्री ने यहां एक कार्यक्रम में कहा, ''कॉकरोच जनता पार्टी, भाजपा की 'सी टीम' है...

बलरामपुर : बरेली के निलंबित सिटी मजिस्ट्रेट और राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के प्रमुख अलंकार अग्निहोत्री ने सोमवार को दावा किया कि कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) भाजपा की "सी टीम" है। अग्निहोत्री ने यहां एक कार्यक्रम में कहा, ''कॉकरोच जनता पार्टी, भाजपा की 'सी टीम' है और असल में सीजेपी, भाजपा है।'' उन्होंने कहा कि एक ओर जहां सीजेपी को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गद्दार कहती है, वहीं दूसरी ओर छह जून को सीजेपी नेता अभिजीत दीपके को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति दी जाती है। 

'सत्तारूढ़ दल परंपरा के नाम पर देश के मंदिरों का धन लूट रहा है'
अग्निहोत्री ने राम मंदिर में चढ़ावे के तौर पर प्राप्त हुए चंदे के करोड़ों रुपये कथित तौर पर गायब होने को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल और कुछ अन्य लोग सनातनी परंपरा के नाम पर देश के मंदिरों, मठों और श्रद्धालुओं के धन को लूट रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने काशी, अयोध्या, वृंदावन और मथुरा जैसे तीर्थ स्थलों को उनके आध्यात्मिक स्वरूप में संरक्षित करने के बजाय, केवल कंक्रीट के गलियारे का निर्माण किया है। 

'राम मंदिर' में चढ़ावे में आए करोड़ों रुपये गायब- अखिलेश 
इससे पहले, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को 'एक्स' पर एक पोस्ट में दावा किया था, ''समस्त विश्व में भगवान राम के उपासकों के लिए यह एक बेहद संवेदनशील समाचार है कि राम मंदिर के चढ़ावे की करोड़ों की रकम गायब पायी गई है।'' पूर्व मुख्यमंत्री ने अदालत से इसका स्वतः संज्ञान लेने की भी मांग की। आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने एक बयान में कहा था, "श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र का समय-समय पर आंतरिक ऑडिट होता रहता है। ऑडिट की प्रक्रिया कई दिनों तक चलती है। इन दिनों भी यही काम हो रहा है। अभी तक कोई खास बात सामने नहीं आई है।" 

पुलिस मुठभेड़ पर, उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के सवाल उठाने का समर्थन करते हुए अग्निहोत्री ने दावा किया कि राज्य में इस तरह की कार्रवाई में निशाना बनाये जाने के मामले में ब्राह्मण समुदाय के लोग दूसरे स्थान पर हैं। निषाद ने शनिवार को गाजीपुर में होटल व्यवसायी विनीत राय की हत्या में वांछित कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद की कथित पुलिस मुठभेड़ पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। अग्निहोत्री ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा समान विचारधारा वाली पार्टियों के साथ मिलकर 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में 270 सीटों पर चुनाव लड़ सकता है। 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!