पुलिस पर बरसाईं गोलियां, जवाबी फायरिंग में घायल हुआ शार्प शूटर जितेंद्र चौधरी, उत्तराखंड-UP में मचाया था आतंक; मुठभेड़ में कुल 3 गिरफ्तार

Edited By Purnima Singh,Updated: 13 Jul, 2026 05:52 PM

3 arrested including notorious sharpshooter jitendra chaudhary

उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में सोमवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। इनमें कुख्यात शार्प शूटर जितेंद्र चौधरी उर्फ विरत चौधरी भी शामिल है। आरोपी मुठभेड़ में घायल हुआ है ...

Rudrapur Encounter : उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में सोमवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। इनमें कुख्यात शार्प शूटर जितेंद्र चौधरी उर्फ विरत चौधरी भी शामिल है। आरोपी मुठभेड़ में घायल हुआ है।

मुठभेड़ में शार्प शूटर के पैर में लगी गोली
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शार्प शूटर जितेंद्र के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। वह उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के बिलासपुर स्थित सुभाष नगर फेज-1 का निवासी है। मुख्य आरोपी के अलावा शातिर अपराधी सुमित राठौर निवासी फुलसुंगा, थाना ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर और चंदन लाल को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
बताया जा रहा है कि निरंजन टाकुली उर्फ नीरू टाकुली निवासी चंदेन फार्म, बिलासपुर, रामपुर (उत्तर प्रदेश) अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

दो फायरिंग मामलों का मुख्य आरोपी
पुलिस के अनुसार, जितेंद्र 21 जून को रुद्रपुर के गाबा चौक में हुई फायरिंग का मुख्य आरोपी है। इस घटना से शहर में दहशत फैल गई थी। इसके अलावा 30 जून को पुलभट्टा क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में भी उसकी संलिप्तता सामने आई थी। इस घटना में राह चलते एक महिला समेत कई लोग घायल हो गए थे।

पहले से दर्ज है मुकदमा
गाबा चौक में हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना रुद्रपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 3(5) तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।

मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया जाल
पुलिस टीम को रविवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी जितेंद्र चौधरी अपने कुछ साथियों के साथ बिना नंबर प्लेट की रेनाल्ट कार से डिबडिबा क्षेत्र में अपने विरोधियों पर हमला करने वाला है। इसके बाद पुलिस ने जाफरपुर कट क्षेत्र में अपना जाल बिछाया।

पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ आरोपी
पुलिस टीम ने संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने कार को यूनिटी लॉ कॉलेज के पास कच्चे मार्ग पर मोड़ लिया, लेकिन कुछ दूरी पर कार तारबाड़ से टकरा गई। इसके बाद बदमाश खेतों में भाग गए और पेड़ों की आड़ में छिप गए।

बताया जा रहा है कि पुलिस ने जब आरोपियों को समर्पण करने के लिए कहा तो उन्होंने पुलिस पर गोलियां चला दीं। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें कुख्यात शार्प शूटर जितेंद्र चौधरी घायल हो गया। इसी दौरान पुलिस ने उसे और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया।

कई राज्यों में दर्ज हैं आपराधिक मामले
जितेंद्र चौधरी के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि सुमित राठौर और निरंजन टाकुली के खिलाफ तीन-तीन मामले दर्ज हैं।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!