अखिलेश का आरोप- पंचायत चुनाव में करारी हार से परेशान योगी सरकार कर रही है सपा नेताओं का उत्पीड़न

Edited By Umakant yadav,Updated: 14 Jun, 2021 07:10 PM

troubled by defeat in panchayat elections yogi is harassing sp leaders

त्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि पिछले महीने हुए यूपी पंचायत चुनाव में करारी हार से परेशान सत्तारूढ़ भाजपा अब सपा नेताओं के खिलाफ उत्पीड़न की कार्रवाई कर रही है।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि पिछले महीने हुए यूपी पंचायत चुनाव में करारी हार से परेशान सत्तारूढ़ भाजपा अब सपा नेताओं के खिलाफ उत्पीड़न की कार्रवाई कर रही है।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश ने सोमवार को कहा कि प्रदेश के पंचायत चुनावों में भाजपा बुरी तरह पराजित हुई है। आगामी विधानसभा चुनाव में भी उसे अपना भविष्य अंधकारमय दिख रहा है, इसलिए एक ओर जहां वह विपक्ष और खासकर समाजवादी पार्टी के नेताओं के विरुद्ध उत्पीड़न की कार्रवाई कर रही है, वहीं दोहरा चरित्र दिखाते हुए भाजपा नेताओं और विधायकों की अवैध कार्रवाइयों को खुला समर्थन दे रही है। उन्होंने कहा कि कोविड के नाम पर भाजपा समाजवादी पार्टी के नेताओं को निशाना बना रही है जबकि भाजपा नेता-विधायक खुलेआम कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन करते हुए नियम-कायदों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की हिटलरशाही का उदाहरण है कि हरदोई के पाली थाना क्षेत्र में बैठक करने पर पुलिस ने समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष सहित 13 लोगों के खिलाफ नामजद और 120 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। भाजपा के लोग चाहे जितनी तादाद में लोगों को बुलाकर बैठकें करें, उनपर पुलिस चुप रहती है। उन्होंने कहा कि औरैया में समाजवादी पार्टी के नेता एवं जिला पंचायत सदस्य अवनेश खटिक के घर पहुंचकर राजस्व विभाग की टीम ने अभद्र व्यवहार किया। राजनीतिक द्वेष के चलते फर्जी मुकदमों में फंसाने के साथ सपा नेता का मकान तोड़ने की भी धमकी दी गई है। एटा में पार्टी के नेता जोगिन्दर सिंह के मार्केट को अदालत का स्थगन आदेश होने के बाद भी तोड़ा जाना अन्याय है। भाजपा सरकार की मनमानी निंदनीय है।

अखिलेश ने आरोप लगाया कि जहां सपा नेताओं के खिलाफ तानाशाहीपूर्ण कार्रवाई की जा रही है, वहीं भाजपा नेता निरंकुश तरीके से काम कर रहे हैं। कानपुर में सड़क चौड़ीकरण के नाम पर अपने घर के आगे बने पार्क की जमीन पर किदवई नगर सीट से जीते भाजपा विधायक कब्जा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व और सरकार को एहसास हो गया है कि अब उनके कुछ दिन ही बचे हैं। जाते-जाते भाजपा सरकार विपक्ष के प्रति बदले की भावना से उत्पीड़न की कार्रवाई कर रही है। भाजपा का दंभ बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव 2022 में जनता इसका करारा जवाब देगी। भाजपा सरकार खबरदार रहे कि सपा की सरकार बनने पर उसे एक-एक अनियमितता और अन्याय का हिसाब देना होगा।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!