Edited By Pooja Gill,Updated: 24 Mar, 2025 01:01 PM

बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया में एक गांव के पास 20 वर्षीय युवती का शव एक पेड़ से लटका हुआ मिला। शव मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी...
बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया में एक गांव के पास 20 वर्षीय युवती का शव एक पेड़ से लटका हुआ मिला। शव मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। इस घटना के बाद विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है। डिंपल यादव ने भी इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है और प्रदेश में महिलाओं की इस हालत पर दुख जताया है।
'बेटी को त्वरित न्याय हर हाल मे मिलना चाहिए'
डिंपल यादव ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ''बलिया में युवती की हत्या कर पेड़ से शव लटकाने वाली ये घटना अत्यंत ही पीड़ादायक है। उत्तर प्रदेश में महिलाओं का ये हाल दुर्भाग्यपूर्ण है, हर स्त्री का आज मनोबल घट रहा है और दूसरी तरफ़ अपराध का स्तर निरंतर बढ़ रहा है। इस सरकार की क़ानून व्यवस्था की नींद पूरी हो गई हो तो वो जागे और धरातल पर आकर सच्चाई देखे, बलिया की इस बेटी और इसके परिवार को त्वरित न्याय हर हाल मे मिलना चाहिए।''
जांच में जुटी पुलिस
जानकारी के मुताबिक, शव रविवार को नगरा थाना क्षेत्र के सरायं गुलाब राय गांव में मिला। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि युवती के पिता धर्मराज चौहान की ओर से मिली शिकायत के आधार पर रविवार देर रात प्राथमिकी दर्ज की गई। युवती की पहचान पूजा चौहान के रूप में हुई है। हत्या और सबूत नष्ट करने से संबंधित भारतीय न्याय सहिंता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और मामले की जांच के लिए पुलिस की 4 टीम बनाई गई हैं।
जमीन विवाद में हत्या होने की आशंका
प्राथमिकी का हवाला देते हुए सिंह ने कहा कि पिता को संदेह है कि उनकी बेटी की हत्या जमीन विवाद के कारण की गई है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। सिंह के मुताबिक पूजा के माता-पिता दो दिन पहले उसे घर में अकेला छोड़कर लखनऊ के संजय गांधी परास्नातक आयुर्विज्ञान संस्थान चले गए थे। रविवार शाम पिता के लौटने के बाद प्राथमिकी दर्ज कराई गयी।