उत्तर प्रदेश में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई जुमे की नमाज

Edited By PTI News Agency,Updated: 24 Jun, 2022 07:08 PM

pti uttar pradesh story

लखनऊ, 24 जून (भाषा) राज्य भर में कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच शुक्रवार को जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

लखनऊ, 24 जून (भाषा) राज्य भर में कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच शुक्रवार को जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पूर्व प्रवक्ता नुपुर शर्मा ने हाल ही में टीवी पर बहस के दौरान पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के विरोध में तीन जून को कानपुर व सहारनपुर और 10 जून, शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद अन्य कई जिलों में हिंसक प्रदर्शन हुए थे।
उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कानपुर नगर की हिंसा का संज्ञान लेते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को हिदायत दी थी कि प्रदेश में कायम अमन-चैन के माहौल को बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाए।
कानपुर जिले में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शुक्रवार को सभी प्रमुख मस्जिदों में जुमे की नमाज में भाग लिया। वहीं, पुलिस कर्मी अलर्ट पर रहे। रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) की इकाइयों के साथ स्थानीय पुलिस ने शहर के विभिन्न हिस्सों में मार्च किया।
कानपुर के अपर पुलिस आयुक्त (एसीपी) कानून—व्यवस्था आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि "यहां शुक्रवार की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। हम कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मुस्लिम समुदाय के धर्मगुरुओं के संपर्क में रहे और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।" सहारनपुर में तीन जून और 10 जून को जुमे की नमाज के बाद पैगंबर पर टिप्पणी के विरोध में पथराव, प्रदर्शन और नारेबाजी हुई थी।
सहारनपुर जिले में आज शांतिपूर्ण तरीके से जुमे की नमाज अदा की गई। पुलिस अधीक्षक (नगर) राजेश कुमार ने बताया कि पूरे जिले में मस्जिदों में जुमे की नमाज अदा की गई और नमाज के बाद लोगों ने देश में अमन—शान्ति और भारी गर्मी से निजात के लिये वर्षा के लिये दुआयें मांगी।
राज्य भर में महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त बल, प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) और मजिस्ट्रेट ड्यूटी पर तैनात किये गये हैं।
प्रयागराज में भी पैगंबर पर टिप्पणी के विरोध में 10 जून को पथराव हुआ था और वहां भी शांतिपूर्ण तरीके से शुक्रवार की नमाज अदा की गई।
प्रयागराज जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) प्रेम प्रकाश ने कहा कि "प्रयागराज और आसपास के जिलों के सभी इलाकों में शांतिपूर्ण माहौल में जुमे की नमाज पढ़ी गई।'' उन्होंने कहा कि ''पुलिस सतर्क है और कानून-व्यवस्था की स्थिति का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।" जानकारी के अनुसार अलीगढ़, बरेली, शामली, हाथरस और अन्य जिलों में भी जुमे की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
अतिरिक्त बल के अलावा कई जिलों में स्थानीय पुलिस ने दोपहर में नमाज के आसपास व्यस्त इलाकों में लोगों की आवाजाही पर नजर रखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया।
पूर्व भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा के पैगंबर मोहम्मद को लेकर दिए गए विवादित बयान के विरोध में तीन और 10 जून को राज्य के विभिन्न शहरों में हिंसक प्रदर्शन हुए थे।
राज्य पुलिस ने हिंसक घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए इन 10 जिलों में 20 प्राथमिकी दर्ज कीं और 400 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया था।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!