Edited By Purnima Singh,Updated: 05 Jun, 2026 06:36 PM

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के सिलसिले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सीबीआई ने आरोपी विकास मिश्रा और...
महोबा : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के सिलसिले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सीबीआई ने आरोपी विकास मिश्रा और गोलू सिंह को तलाशी अभियान के दौरान क्रमशः उत्तर प्रदेश के लखनऊ और बलिया से गिरफ्तार किया।
अधिकारियों ने बताया कि मिश्रा को लखनऊ के एक होटल से पकड़ा गया, जबकि सिंह को बलिया से गिरफ्तार किया गया। इसी से संबंधित एक अन्य घटनाक्रम में, इस मामले के एक अन्य आरोपी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोनू ने बृहस्पतिवार को बलिया की एक अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
स्थानीय पुलिस के अनुसार, कुख्यात अपराधी मोनू 12 आपराधिक मामलों का सामना कर रहा है और वह रथ हत्याकांड में भी वांछित था। रथ पश्चिम बंगाल में भाजपा का प्रमुख चेहरा और राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता रहे शुभेंदु अधिकारी के कार्यकारी सहायक के रूप में कार्यरत थे। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों की घोषणा के दो दिन बाद छह मई को रथ की मध्यमग्राम में हत्या कर दी गई थी।