Edited By Anil Kapoor,Updated: 04 Jun, 2026 06:40 AM

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में होटल कारोबारी के पुत्र विनीत राय की हत्या के मामले में वांछित 50 हजार रुपए के इनामी आरोपी कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद को बुधवार शाम पुलिस और एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ में मार गिराया गया। मुठभेड़ के दौरान एसओजी प्रभारी...
Ghazipur News: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में होटल कारोबारी के पुत्र विनीत राय की हत्या के मामले में वांछित 50 हजार रुपए के इनामी आरोपी कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद को बुधवार शाम पुलिस और एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ में मार गिराया गया। मुठभेड़ के दौरान एसओजी प्रभारी रोहित मिश्रा भी गोली लगने से घायल हो गए। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बदमाश ने की फायरिंग, SOG प्रभारी घायल और आरोपी ढेर
पुलिस सूत्रों के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के कुर्था इलाके में एसटीएफ और पुलिस टीम को आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिली थी। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में हुई मुठभेड़ में कमलेश बिंद और एसओजी प्रभारी रोहित मिश्रा दोनों गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने कमलेश बिंद को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल एसओजी प्रभारी का उपचार जारी है।
4 नकाबपोशों ने विनीत पर बरसाई थीं 4 गोलियां
उल्लेखनीय है कि बीते शुक्रवार रात शहर के एक होटल के बाहर होटल कारोबारी आलोक राय के पुत्र विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना उस समय हुई जब विनीत होटल से निकलकर अपनी गाड़ी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान 4 नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और 2 पिस्टलों से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में विनीत को हाथ, कमर और सीने में कुल 4 गोलियां लगी थीं, जिससे उनकी मौत हो गई थी।
DIG ने घोषित किया था ₹50-50 हजार का इनाम
मामले की गंभीरता को देखते हुए वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) वैभव कृष्ण ने घटना में नामजद 4 आरोपियों पर 50-50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। इन आरोपियों में शंकर पांडेय, जगदीश सिंह यादव उर्फ सोनू यादव, आलोक दुबे तथा कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद शामिल थे। पुलिस के अनुसार हत्या के बाद सभी आरोपी फरार चल रहे थे और उनकी गिरफ्तारी के लिए 4 विशेष टीमें गठित की गई थीं। इसी अभियान के दौरान कमलेश बिंद पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। शेष आरोपियों की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है।