Edited By Anil Kapoor,Updated: 04 Jun, 2026 08:32 AM

उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर के बरर थाना क्षेत्र से पिछले दिनों अपहृत युवती की हत्या किए जाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पिछली 24 मई को बरर क्षेत्र में युवती का अपहरण...
Kanpur News: उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर के बरर थाना क्षेत्र से पिछले दिनों अपहृत युवती की हत्या किए जाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पिछली 24 मई को बरर क्षेत्र में युवती का अपहरण किया गया था जिसकी बाद में उन्नाव ले जाकर हत्या कर दी गई थी। इस सिलसिले में परिजनों ने तहरीर देकर विवेक पटेल और देवकांत उत्तम पर संलिप्तता की आशंका जताई थी। एफआईआर दर्ज होने के बाद दोनों आरोपियों की तलाश शुरू की गई। इस बीच विवेक पटेल द्वारा बुलंदशहर में स्वयं को गोली मारकर घायल कर लेने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखे हुए थी।
ये भी पढ़ें:- ₹50 हजार का इनामी कमलेश बिंद पुलिस मुठभेड़ में ढेर; गाजीपुर के विनीत राय हत्याकांड में था मुख्य आरोपी
पूछताछ के दौरान विवेक पटेल ने पुलिस को बताया कि उसने देवकांत उत्तम के साथ मिलकर युवती की हत्या कर दी थी और शव को बुलंदशहर जिले के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में फेंक दिया था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि जहांगीराबाद क्षेत्र में पूर्व में एक अज्ञात युवती का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ था, जिसका पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम कराया गया था, लेकिन पहचान नहीं हो सकी थी।
ये भी पढ़ें:- बुलंदशहर के हनुमान मंदिर में नमाज पढ़ने का VIDEO वायरल: ग्रामीणों में आक्रोश, 3 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है। घटना में प्रयुक्त वाहन की जानकारी भी प्राप्त कर ली गई है और उसकी बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। बरर थाना पुलिस की टीम वर्तमान में बुलंदशहर जिले के जहांगीराबाद क्षेत्र में मौजूद है। मृतका के परिजनों को शव की पहचान के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।